
गुमला ( दस्तक डेस्क) : झारखंड के गुमला जिले में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया-पीएलएफआई के जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकुरा सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, एक देशी राइफल, एक देशी कट्टा, सात कारतूस, एक खोखा, प्रतिबंधित पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वहीं, लातेहार जिले के महुआडांड़ के जंगलों में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के संयुक्त तलाशी अभियान में दो राइफल, 63 कारतूस और आईईडी से संबंधित सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गुमला में यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पता चला था कि पीएलएफआई के सदस्य कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगादा गांव के पास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। वहीं, लातेहार में जंगल में हथियार छिपाने वालों की पहचान के लिए जांच जारी है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।



