खटीमा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर आम लोगों तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करना होगा। उन्होंने जनसमस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक देरी से बचने और लोगों को उनकी शिकायतों पर संतोषजनक कार्रवाई उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि सरकार का मूल मंत्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाना, आम लोगों की शिकायतों का प्रभावी समाधान करना और सरकारी व्यवस्था के प्रति नागरिकों का भरोसा मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की जवाबदेही तय करना जरूरी है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए उचित सहायता मिल सके। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जनशिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई न हो, बल्कि उनका वास्तविक और संतोषजनक समाधान भी किया जाए।
विकास कार्यों और स्थानीय जरूरतों पर भी हुई चर्चा
जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने और प्रशासनिक स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया। जनसमस्याओं के समय पर समाधान और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री कैप्टन (सेवानिवृत्त) गंभीर सिंह धामी, सुरेश कोली, रणजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, खटीमा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, सतीश भट्ट, रनदीप पोखरिया, वरुण अग्रवाल, अमित पांडे और भवानी भंडारी मौजूद रहे।
इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक (अपराध) अनुषा बडोला और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




