
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में एक निर्माणाधीन मकान के ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हर्ष विहार के मिलन गार्डन इलाके में रविवार शाम मकान का स्लैब गिरने के बाद पूरी इमारत जमींदोज हो गई। हादसे के बाद मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं। उत्तर-पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लम्बा ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है।
मिलन गार्डन में अचानक भरभराकर गिरा मकान
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम हर्ष विहार के मिलन गार्डन स्थित सेवाधाम रोड पर एक निर्माणाधीन मकान अचानक ढह गया। मकान गिरने की सूचना शाम करीब 6:46 बजे पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं।
मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान शुरू किया गया। देर रात दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और आशीष सूद भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
करीब 200 गज में बना था मकान, मालिक से मिली अहम जानकारी
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, हादसे में ढहा मकान करीब 200 गज क्षेत्र में बना हुआ था। घटनास्थल पर मकान मालिक कुलविंदर तंवर भी मिले। उन्होंने बताया कि उनका परिवार हादसे वाली इमारत से कुछ मकान छोड़कर रहता है।
मकान में पहले से एक पुरानी इमारत बनी हुई थी। पिछले कुछ दिनों से उस पर एक और मंजिल बनाने का काम चल रहा था। रविवार को निर्माणाधीन मंजिल का लेंटर डाला गया था।
शाम 5 बजे तक चला था लेंटर डालने का काम
मकान मालिक के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5 बजे तक लेंटर डालने का काम जारी था। इसके बाद मजदूर काम खत्म करके वहां से चले गए। श्रमिकों के जाने के कुछ समय बाद ही अचानक मकान ढह गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लेंटर डालने के दौरान ही यह हादसा हो जाता, तो जानमाल का नुकसान और अधिक हो सकता था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी।
पुराना मकान नहीं सह पाया लेंटर का भार?
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि पुरानी इमारत नए लेंटर का वजन सहन नहीं कर सकी, जिसके चलते मकान ढह गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। पुलिस और बचाव दल मलबा हटाकर स्थिति का पता लगाने में जुटे हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



