
आगरा मेट्रो स्टेशन पर दिखेगी रामायण की झलक, श्रीराम के गुरुकुल प्रसंग से सजेगा परिसर
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में मेट्रो स्टेशनों को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने की पहल की जा रही है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने एसएन मेडिकल कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर भगवान श्रीराम और रामायण से जुड़े प्रसंगों को चित्रकला के माध्यम से दर्शाया है। जल्द ही यात्रियों के लिए खुलने वाले इस स्टेशन पर आकर्षक कलाकृतियां लोगों को भारतीय परंपरा और पौराणिक कथाओं से रूबरू कराएंगी।
श्रीराम के गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण करने का प्रसंग दर्शाया
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर रामायण के प्रमुख प्रसंगों को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए उकेरा गया है। इनमें भगवान श्रीराम के गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण करने के प्रसंग को विशेष रूप से दर्शाया गया है।
स्टेशन परिसर में बनाई गई चित्रकलाएं यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी। इसके जरिए मेट्रो में सफर करने वाले लोगों को यात्रा के दौरान भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
अन्य स्टेशनों पर भी दिखेगी ब्रज संस्कृति की झलक
आगरा मेट्रो के दूसरे स्टेशनों पर भी ब्रज क्षेत्र की संस्कृति से जुड़ी चित्रकलाएं बनवाने की योजना है। इनमें राधा-कृष्ण से संबंधित चित्रों को शामिल किया जाएगा। इन कलाकृतियों के माध्यम से ब्रज की सांस्कृतिक पहचान और भारतीय कला परंपरा को प्रदर्शित किया जाएगा।
कला के जरिए यात्रियों को संस्कृति से जोड़ने की पहल
मेट्रो स्टेशनों पर पौराणिक प्रसंगों, सांस्कृतिक प्रतीकों और पारंपरिक कला को जगह देने का उद्देश्य यात्रियों को भारतीय विरासत से परिचित कराना है। स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही लोगों को इन चित्रकलाओं के जरिए संस्कृति और इतिहास की झलक मिलेगी।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की इस पहल से आगरा के मेट्रो स्टेशन केवल यातायात का माध्यम ही नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले स्थान के रूप में भी पहचान बना सकेंगे।



