खरखौदा में बाइक चोरी के मामले में पुलिस हिरासत में आरोपी ने पीया टॉयलेट क्लीनर, गंभीर
आज मंगलवार सुबह चार बजे विपिन ने शौचालय जाने की बात कही।
Meerut News: खरखौदा में बाइक चोरी के मामले में पुलिस हिरासत में लिए युवक विपिन ने टॉयलेट क्लीनर पी लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ रेफर किया है। जहां युवक को 72 घंटे निगरानी में उपचार पर रखा गया है।
खरखौदा थाना की धीरखेड़ा चौकी पर घटना
मंगलवार को खरखौदा थाना के धीरखेड़ा चौकी पर बाइक चोरी के मामले में पुलिस हिरासत में लिए आरोपी ने शौचालय के भीतर रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। टॉयलेट क्लीनर पीने से उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिसकर्मी उसे पहले एनसीआर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसको मेरठ रेफर कर दिया गया। युवक को मेरठ के जगदंबा अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां 72 घंटे की निगरानी में गहन उपचार चल रहा है।
बाइक चोरी के आरोप में हिरासत में लिए थे तीन युवक
थाना पुलिस के अनुसार नयागांव निवासी राजीव की एक सप्ताह पहले बाइक चोरी हो गई थी। राजीव की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस गाजियाबाद भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव ईसापुर तक पहुंची।
ऑनलाइन भुगतान से आरोपियों तक पुलिस पहुंची
पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि ईसापुर निवासी दो युवकों ने गांव की एक दुकान से सामान खरीदा और उसका भुगतान ऑनलाइन किया। आनलाइन भुगतान के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान कर उनको हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। पूछताछ के दौरान मसूरी थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी विपिन का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार चोरी की बाइक दोनों युवकों ने विपिन को बेची थी और आरोप है कि विपिन ने बाइक को काट दिया था। पुलिस ने दोनों युवकों के साथ विपिन को हिरासत में लिया और तीनों को धीरखेड़ा पुलिस चौकी पर पूछताछ के लिए ले जाया गया। आज मंगलवार सुबह चार बजे विपिन ने शौचालय जाने की बात कही। एक पुलिसकर्मी उसे शौचालय ले गया। आरोप है कि शौचालय के अंदर विपिन ने वहां रखा टायलेट क्लीनर पी लिया।



