छत्तीसगढ़राज्य

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किया फ्लेगशिप योजनाओं का अवलोकन

बलौदाबाजार। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू ने आज बलौदाबाजार जिले के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं का स्थल अवलोकन किया। उन्होंने खरतोरा में धान खरीदी केन्द्र एवं पुरेना खपरी में संचालित गौठान का निरीक्षण किया। गौठान में महिला समूहों से चर्चा कर उनके काम-काज की प्रशंसा की। खरतोरा के किसानों ने चर्चा में अब तक धान खरीदी की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। श्री साहू ने कुकदा, पौंसरी एवं खैरताल में जल जीवन मिशन के कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिये। जल जीवन मिशन के एमडी श्री एस. प्रकाश, जिला कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

साहू ने पुरैना खपरी के गौठान में संचालित गतिविधियों का बड़ी दिलचस्पी से अवलोकन किया। उन्होंने यहां महिला समूहों से चर्चा कर उनकी आमदनी, उत्पाद विक्रय आदि की जानकारी ली। गौठान में विभिन्न कार्यों का जिम्मा 7 समूहों ने संभाल रखी है। वर्मी कम्पोस्ट संभालने वाली महिलाओं ने बताया कि पिछले लगभग एक साल में उन्होंने डेढ़ लाख रुपए कमाए हैं। इसके पहले वे केवल अपने घर में घरेलू कार्य ही करती थीं। आमदनी को कोई अतिरिक्त जरिया नहीं थी। इसके अलावा 3 हजार रुपए का फूल, एक हजार रुपए की हल्दी, 5 हजार रुपए की सब्जी, 3 हजार रुपए की मछली और 52 हजार रुपए का कड़कनाथ मुर्गा बेचकर आमदनी अर्जित की हैं। गोठान की व्यवस्था से वे काफी खुश हैं। श्री साहू ने महानदी वनिता के नाम से निर्मित विभिन्न उत्पादों का अवलोकन भी किया। उनसे इनकी बिक्री बढ़ाने के लिए कुछ उपाय भी सुझाये। श्री साहू ने पौंसरी, खैरताल एवं कुकुदा में जल-जीवन मिशन के कार्यों का स्थल पर निरीक्षण किया। खैरताल में जानकी बाई कुर्रे एवं संजय साहू के घर में स्थापित नल जल का निरीक्षण किया। अपने सामने में पम्प चलवाकर पानी का प्रेशर, मात्रा और गुणवत्ता आदि को देखा। पौंसरा निवासी किरण वर्मा ने पानी की गुणवत्ता जांच कर दिखाई।

गौरतलब है कि पौंसरी में 487 घरों में से 322 एवं खैरताल में सभी 295 घरों में कनेक्शन दिये जा चुके हैं। उन्होंने कुछ हितग्राहियों से जल की उपलब्धता एवं आपूर्ति के बारे में पूछताछ कर जानकारी ली। श्री साहू ने बलौदाबाजार के जिला पीएचई कार्यालय परिसर में स्थापित जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया और काम-काज की जानकारी ली। श्री साहू ने खरतोरा में धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण और किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि धान बेचने आने वाले किसानों को केन्द्रों पर कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button