लगातार 12वीं रात ईरान पर अमेरिकी हमला, सिरिक में गूंजे धमाके, सैन्य ठिकानों पर फिर बरसी मिसाइलें

नई दिल्ली: अमेरिका ने ईरान पर लगातार 12वीं रात भी सैन्य अभियान जारी रखते हुए ताबड़तोड़ हमले किए। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच दक्षिणी ईरान के सिरिक क्षेत्र में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। ईरानी मीडिया प्रेस टीवी के अनुसार, इससे पहले भी अमेरिकी सेना ईरान के कई इलाकों और द्वीपों को निशाना बना चुकी है।
सेंटकॉम ने नए हमलों की पुष्टि की
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी जानकारी में बताया कि कमांडर-इन-चीफ के निर्देश पर अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर नए हमले शुरू किए हैं।
सेंटकॉम के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य जलक्षेत्र से गुजरने वाले आम नाविकों और व्यावसायिक जहाजों को डराने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना है। अमेरिकी सेना ने स्पष्ट किया कि यह मिशन आगे भी जारी रहेगा।
कई सैन्य ठिकाने बने निशाना
अमेरिकी सेना लगातार कई रातों से ईरान पर हवाई हमले कर रही है। इस अभियान के दौरान एयरक्राफ्ट हैंगर, ड्रोन स्टोरेज साइट, सैन्य ऑपरेशन सेंटर, समुद्री क्षमताओं से जुड़े ठिकानों और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया है।
अमेरिका का दावा है कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना और होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के लिए पैदा होने वाले खतरे को कम करना है।
ईरान भी दे रहा जवाब
तनाव के बीच ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। मंगलवार को ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में एक तेल टैंकर को निशाना बनाया। इसके अलावा बहरीन और कुवैत में संभावित मिसाइल हमलों की चेतावनी के चलते सायरन भी बजाए गए। इस संघर्ष का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है।
ट्रंप ने बातचीत में नहीं दिखाई रुचि
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि फिलहाल उनकी ईरान के साथ किसी भी तरह की बातचीत में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिकी सेना जल्द ही ईरान के उस इलाके को भी निशाना बना सकती है, जो उसके प्रमुख यूरेनियम संवर्धन केंद्रों के करीब स्थित है।



