बिहार

दोनों हाथ जोड़कर मिले अनंत सिंह, नीतीश कुमार ने भी किया अभिवादन; मुलाकात की तस्वीरें आते ही बढ़ी सियासी चर्चा

पटना: मोकामा से जनता दल यूनाइटेड के विधायक अनंत सिंह ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की है। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें अनंत सिंह दोनों हाथ जोड़कर मुस्कुराते हुए नीतीश कुमार का अभिवादन करते नजर आ रहे हैं। नीतीश कुमार ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

दोनों नेताओं की इस मुलाकात को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। हालांकि, मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों के बीच मोकामा विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा हुई।

बांकीपुर में बीजेपी की हार पर दिया था बयान

इस मुलाकात से कुछ दिन पहले बांकीपुर में बीजेपी की हार को लेकर अनंत सिंह ने बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जनता के बीच यह संदेश गया कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटा दिया गया है और इसी वजह से बांकीपुर में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा।

अनंत सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए यह भी कहा था कि पार्टी को घमंड हो गया था कि कोलकाता जीत गए और मुंबई जीत गए।

नीतीश के स्वास्थ्य की भी ली जानकारी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अनंत सिंह और नीतीश कुमार की मुलाकात में राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। यह भी कहा जा रहा है कि अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। हालांकि, इन मुद्दों पर दोनों नेताओं की ओर से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

नीतीश के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद किया था बड़ा ऐलान

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने के बाद अनंत सिंह ने विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अब वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। मोकामा विधायक ने यह भी कहा था कि आगे उनके बेटे चुनाव लड़ेंगे।

Related Articles

Back to top button