बिहार

सावन की सोमवारी पर बिहार में एक और दर्दनाक हादसा, नदी में डूबे 6 बच्चे; तीन की मौत से मचा कोहराम

कटिहार: सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटिहार के फलका थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बरंडी नदी की कमला धार में स्नान और जल भरने गए छह बच्चे डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो चचेरे भाई भी शामिल हैं।
एक को बचाने के चक्कर में छह बच्चे नदी में उतरे
जानकारी के मुताबिक, फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा गांव के पास बरंडी नदी की कमला धार के किनारे शिव मंदिर है। सावन की सोमवारी पर ग्रामीण नदी में स्नान करने के बाद जल भरकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। सोमवार सुबह छह बच्चे भी इसी उद्देश्य से नदी में पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जल भरने के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा बच्चा नदी में उतर गया। इसके बाद एक-एक कर बाकी बच्चे भी पानी में चले गए। देखते ही देखते सभी छह बच्चे गहरे पानी में फंस गए।
तीन बच्चों की मौत, तीन का अस्पताल में इलाज
नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने के लिए तुरंत पानी में उतरकर प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सरकारी अस्पताल कोढ़ा ले जाया गया। डॉक्टरों ने अमन कुमार, दिव्यांशु कुमार और सत्यम कुमार को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में अमन कुमार की उम्र 10 वर्ष, दिव्यांशु कुमार की उम्र 9 वर्ष और सत्यम कुमार की उम्र 13 वर्ष बताई गई है। अमन और दिव्यांशु आपस में चचेरे भाई थे, जबकि सत्यम कुमार उनका पड़ोसी था। हादसे में बचे तीन बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
नदी का जलस्तर बढ़ने से बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया था। बच्चों के साथ उनके अभिभावक मौजूद नहीं थे। ऐसे में वे नदी की गहराई और बदलती स्थिति का अंदाजा नहीं लगा सके। बच्चों की योजना स्नान करने के बाद नदी से जल लेकर शिव मंदिर में चढ़ाने की थी, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन की ओर से फलका थाने को दी गई। इसके बाद फलका थानाध्यक्ष प्रह्लाद कुमार यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि तीन बच्चों की डूबने से मौत हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए मृतकों के परिजनों से संपर्क कर रही है। हादसे के बाद मोरसंडा गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पटना में भी गंगा में डूबीं कई बच्चियां
कटिहार की घटना से पहले पटना के बख्तियारपुर में भी सावन की सोमवारी पर बड़ा हादसा हुआ। यहां एक परिवार के तीन सगे भाइयों की चार बेटियों समेत सात बच्चियां गंगा नदी में स्नान करने के दौरान डूब गईं। इनमें से चार बच्चियों को घाट पर मौजूद लोगों ने बचा लिया, जबकि खबर लिखे जाने तक दो बच्चियों के शव बरामद किए जा चुके थे।
लखीसराय में भगदड़ से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत
वहीं लखीसराय के अशोक धाम में सोमवार सुबह भगदड़ मचने से सात महिला श्रद्धालुओं की कुचलकर मौत हो गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक शिवभक्तों के घायल होने की भी खबर है। सावन की सोमवारी पर बिहार में लगातार सामने आए इन हादसों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button