करिअर

IIRF रैंकिंग 2026 में बीबीएयू का परचम, विधि विभाग देश में टॉप-10 में शामिल, यूपी में हासिल किया पहला स्थान

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय ने इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। विश्वविद्यालय के विधि विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर 9वीं रैंक हासिल की है, जबकि उत्तर प्रदेश में उसे पहला स्थान मिला है। वहीं, प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय ने केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में देशभर में 7वां स्थान प्राप्त किया है।

विश्वविद्यालय ने समग्र केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रेणी में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 19वीं रैंक हासिल की है। इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान और संस्थागत विकास के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने विश्वविद्यालय परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विधि विभाग का उत्तर प्रदेश में शीर्ष स्थान और देश में नौवीं रैंक प्राप्त करना विश्वविद्यालय के लिए गौरव और संतोष का विषय है। इसी तरह केंद्रीय विश्वविद्यालयों की प्रबंधन श्रेणी में सातवां स्थान हासिल करना भी संस्थान की मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था और गुणवत्ता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों की प्रतिबद्धता, विद्यार्थियों की मेहनत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, उत्कृष्ट शोध कार्य, नवाचार और संस्थागत विकास के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक पहचान को और अधिक मजबूत करेगा तथा शिक्षा, शोध और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

आईआईआरएफ रैंकिंग के तहत संस्थानों का मूल्यांकन कई महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया जाता है। इनमें शिक्षण और अधिगम संसाधन, शोध की गुणवत्ता और उसका प्रभाव, प्लेसमेंट, उद्योग और संस्थागत सहभागिता, करियर सहायता सेवाएं, भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयारी तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा जैसे पहलू शामिल होते हैं।

इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय ने विभिन्न श्रेणियों में यह उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है, जिससे उसकी शैक्षणिक प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिली है।

वर्ष 1996 में स्थापित विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। आईआईआरएफ 2026 में हासिल की गई यह उपलब्धि शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह सफलता संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता, उत्कृष्ट शोध, नवाचार और संस्थागत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता और प्रतिष्ठा को भी दर्शाती है।

Related Articles

Back to top button