
Bengal Elections 2026: ‘बंगाल में खिलेगा कमल, मतदाता निडर होकर करें मतदान’ – केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा, विपक्ष पर भी साधा निशाना
लखनऊ। पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के तहत मतदान जारी है। इस बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा है कि बंगाल की जनता इस बार विकास के मुद्दे पर मतदान करेगी और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना तय है।
‘निष्पक्ष चुनाव से ही जनता का विश्वास मजबूत होगा’
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने में सफल होगा। उन्होंने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल के मतदाताओं को बिना किसी डर के मतदान का अवसर मिलता है, तो परिणाम ऐतिहासिक होंगे और राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।
‘बंगाल में खिलेगा कमल’ – मौर्य का दावा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे 2014 और 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा को बड़ी जीत मिली थी, वैसे ही 2026 में पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की प्रचंड जीत होगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
अखिलेश यादव पर भी कसा तंज
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” देखते रहें, लेकिन 2027 के चुनाव परिणाम आने पर उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ेगा और वे सैफई की ओर लौटते नजर आएंगे।
बंगाल हिंसा पर ब्रजेश पाठक का आरोप
उधर, पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान हुई हिंसा को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि टीएमसी के गुंडों द्वारा अराजकता फैलाने की आशंका पहले से जताई गई थी, जो अब सही साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक सुनियोजित रणनीति के तहत किया जा रहा है।
‘बंगाल में विकास के लिए भाजपा जरूरी’
ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि इन घटनाओं से भाजपा की जीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी और बंगाल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगी।
तमिलनाडु चुनाव को लेकर भी जताया भरोसा
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा इस बार बेहतर प्रदर्शन करेगी और पहले से अधिक मजबूत स्थिति में नजर आएगी।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा समाजविरोधी है और वह लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।



