उत्तर प्रदेशराज्य

संभल में प्रशासन का बड़ा एक्शन: शेर अली बाबा पीर की अवैध मजार पर चला बुलडोजर, 80 बीघा जमीन कब्जा मुक्त

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के सिरसी कस्बे में शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनी शेर अली बाबा पीर की मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान करीब 80 बीघा झील की जमीन को भी कब्जा मुक्त कराया।

तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह करीब 200 बीघा झील की भूमि है, जिस पर आसपास के काश्तकारों द्वारा कृषि कब्जा कर लिया गया था। इसी जमीन पर एक छोटी मजार बनाकर स्थायी कब्जे की कोशिश की जा रही थी। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे को हटाते हुए जमीन को खाली कराया।

झील की जमीन पर किया गया था कब्जा

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, झील की सरकारी जमीन पर लंबे समय से कृषि कार्य किया जा रहा था। इसके साथ ही मजार बनाकर जमीन पर अधिकार जताने की कोशिश की गई थी। कार्रवाई के दौरान कृषि कब्जे को हटाया गया, जिस पर किसी भी पक्ष की ओर से विरोध नहीं हुआ।

मजार को लेकर न्यायालय में दर्ज था मुकदमा

जानकारी के अनुसार, इस मजार को लेकर तहसीलदार न्यायालय में पहले से मुकदमा दर्ज था। उस समय मजार के मुतवल्ली के नाम पर मामला दर्ज किया गया था। बाद में मुतवल्ली की मौत हो गई, लेकिन उसके बाद किसी भी व्यक्ति ने इस मजार को लेकर न्यायालय में कोई आपत्ति दाखिल नहीं की।

बेदखली आदेश के बाद हुई कार्रवाई

तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि न्यायालय से बेदखली का आदेश पारित होने के बाद शनिवार को मौके पर उसका पालन कराया गया। प्रशासन ने करीब 70 से 80 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराया और अवैध मजार को भी हटवा दिया। पूरी कार्रवाई पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button