
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन की आड़ में राजधानी और देश का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही थी। दक्षिण और दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्रों के वेश में प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे 150 से ज्यादा संदिग्ध लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने कुछ लोगों के पास से पिस्टल, चाकू और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात कही है।
संदिग्धों की गतिविधियों पर पुलिस को मिला था इनपुट
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण रेंज के कई थानों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग छात्रों की तरह दिखाई देकर जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं। इन लोगों ने छात्रों की तरह बैग टांग रखे थे और इनके जरिए माहौल बिगाड़ने की आशंका जताई गई थी।
सूचना मिलने के बाद बदरपुर, सनलाइट कॉलोनी, निजामुद्दीन, लोधी कॉलोनी और लाजपत नगर समेत कई इलाकों में पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान बाइक से जा रहे कई लोगों को रोककर उनके बैग की तलाशी ली गई।
बैग से मिले पिस्टल, चाकू और संदिग्ध सामान
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कुछ लोगों के बैग से स्प्रे, पत्थर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिली। वहीं बदरपुर थाना पुलिस ने बल्लभगढ़ निवासी नवीन वत्स और सौरभ नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बैग से पिस्टल और चाकू बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने कुछ संदिग्धों के मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ मोबाइल फोन में व्हाट्सऐप चैट मिली हैं, जिनमें प्रदर्शन स्थल तक सामान पहुंचाने और छात्रों की तरह वहां पहुंचने जैसी बातें सामने आई हैं। इन मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
कई थानों की पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, निजामुद्दीन, लाजपत नगर, सनलाइट कॉलोनी और लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्रों में भी रात के समय कई संदिग्धों को पकड़ा गया। इनमें से कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए कुछ लोग जामिया नगर, शाहीनबाग, सनलाइट कॉलोनी, फरीदाबाद और नोएडा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कुछ लोगों ने प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाने की बात स्वीकार की है।
कई छात्रों को समझाकर वापस भेजा गया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए 150 से ज्यादा लोगों में से कई छात्रों को समझाकर वापस भेज दिया गया है, जबकि कुछ संदिग्धों से अभी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि उनके पास से मिले सामान और गतिविधियों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि 15 अगस्त नजदीक होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शन की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व राजधानी में अशांति फैलाने की कोशिश कर सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने दी सतर्क रहने की अपील
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि चेकिंग के दौरान 100 से ज्यादा संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है। कुछ लोगों के बैग से आपत्तिजनक सामान मिला है और दो आरोपियों को पिस्टल व चाकू बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ जारी है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त, दक्षिणी रेंज विजय कुमार ने कहा कि पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले और संभावित साजिश का पता लगाया जा रहा है।



