
रायपुर: भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता में जिला संगठन आयुक्तों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और जिला स्तर पर गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
स्कूलों में राष्ट्रगीत और अंशदान पर विशेष जोर
बैठक में राज्य मुख्य आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत का गायन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके साथ ही संगठन के अंशदान की राशि 31 अगस्त तक हर हाल में जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।
हर विद्यालय में प्रशिक्षित स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन होंगे
राज्य मुख्य आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में स्काउट-गाइड गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए कम से कम एक प्रशिक्षित बेसिक स्काउट मास्टर और एक गाइड कैप्टन की नियुक्ति आवश्यक है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य स्तर से सभी जिलों का नियमित दौरा कर स्काउट-गाइड गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
ओवाईएमएस पंजीयन को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में ओवाईएमएस पंजीयन को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। इसके लिए प्रत्येक जिले में कार्यशालाएं आयोजित करने और हर विकासखंड में एक-एक समन्वयक नियुक्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि पंजीयन की प्रक्रिया निर्धारित समय में सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
हर जिले और विकासखंड में चलेगा वृक्षारोपण अभियान
राज्य मुख्य आयुक्त ने प्रत्येक जिला और विकासखंड स्तर पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सके।
बाढ़ की स्थिति में राहत कार्यों में देंगे सहयोग
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी जिला संगठन आयुक्तों को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया। राज्य मुख्य आयुक्त ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर स्काउट-गाइड स्वयंसेवक राहत एवं बचाव कार्यों में जिला प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।
राष्ट्रीय समिति में मनोनयन पर किया गया सम्मान
बैठक के दौरान राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा को राष्ट्रीय वयस्क स्काउटिंग समिति का सदस्य मनोनीत किए जाने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक के समापन पर उन्होंने सभी जिला संगठन आयुक्तों से संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, अनुशासित और सेवा भावना के साथ संचालित करने का आह्वान किया।
बैठक में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त पूनम सिंह साहू, राज्य संगठन आयुक्त अमित कुमार, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जलवती साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पाण्डेय, राज्य संयुक्त सचिव बीना यादव सहित राज्य कार्यालय के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



