
पटना: राजधानी पटना के ज्ञान भवन में बुधवार से बिहार का सबसे बड़ा रोजगार मेला शुरू हो रहा है। 19 से 23 अगस्त तक चलने वाले इस पांच दिवसीय आयोजन में देश-विदेश की 80 से अधिक नामी कंपनियां हिस्सा लेंगी। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने मेले के जरिए 20 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद मेले का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, मेले में बैंकिंग, वित्तीय सेवा, बीमा, खुदरा कारोबार और अन्य संबंधित क्षेत्रों में नौकरी के अवसर उपलब्ध होंगे। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी कंपनियों में भर्ती का यह महत्वपूर्ण मौका होगा।
रिलायंस रिटेल से फ्लिपकार्ट तक कई बड़ी कंपनियां शामिल
मेले में कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी पेमेंट्स बैंक, मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड, क्लिक्स, फ्लिपकार्ट, टीसीआई एक्सप्रेस, जॉनसन लिफ्ट एंड एस्केलेटर, टीवीएस क्रेडिट, टाटा समूह की कंपनी ट्रेंट लिमिटेड और रिलायंस रिटेल समेत कई कंपनियां शामिल होंगी।
विभाग के मुताबिक, रोजगार मेले में भाग लेने के लिए नियोजकों और अभ्यर्थियों दोनों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के बेरोजगार अभ्यर्थियों को आयोजन स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पंजीकरण जरूरी, जारी किया गया टोल फ्री नंबर
अभ्यर्थी विभाग के निर्धारित पंजीकरण पोर्टल के माध्यम से अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। मेले से जुड़ी जानकारी के लिए विभाग ने 18002965656 टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क कर अभ्यर्थी रोजगार मेले, पंजीकरण प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
इस वित्तीय वर्ष में अब तक 17 रोजगार मेले
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक राज्य में 17 रोजगार या नियोजन मेलों का आयोजन किया जा चुका है। इनमें दो बार पांच दिवसीय रोजगार मेले भी आयोजित किए गए। इनमें से एक मेला पटना के दशरथ मांझी संस्थान में लगाया गया था।
विभाग के अनुसार, अब तक आयोजित इन सभी मेलों के माध्यम से करीब साढ़े आठ हजार युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार मिल चुका है।
673 नियोजन शिविरों में 13 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार
रोजगार मेलों के अलावा चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 673 नियोजन शिविर भी लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों के जरिए 13 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की जानकारी विभाग ने दी है।
राज्य सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्यस्तरीय आयोजन के साथ जिला और प्रमंडल स्तर पर भी नियोजन सह मार्गदर्शन मेलों का आयोजन किया जा रहा है।



