अपराधदिल्लीराज्य

दिल्ली में 80 लाख के सोने का खूनी खेल! भतीजी ने बॉयफ्रेंड संग रची चाचा की हत्या की साजिश, लूट के लिए घर में घुसे बदमाश

दिल्ली: रोहिणी में 80 साल के बुजुर्ग की हत्या के मामले ने पुलिस जांच में चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। राकेश खन्ना ने अपना फ्लैट बेचकर मिले 80 लाख रुपये से सोना खरीदा था। उन्हें उम्मीद थी कि यह संपत्ति बुढ़ापे में सहारा बनेगी, लेकिन इसी सोने पर उनके अपनों की नजर पड़ गई। उनकी पत्नी की भतीजी सिमरन ने सोना लूटने के लिए अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। लूट के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या कर दी, हालांकि उन्हें पूरा सोना नहीं मिल सका।

भतीजी ने ही कराई घर की रेकी

मामला रोहिणी सेक्टर-3 इलाके का है। पुलिस के मुताबिक राकेश खन्ना द्वारा फ्लैट बेचकर सोना खरीदने की जानकारी उनकी पत्नी की भतीजी सिमरन को थी। इसके बाद उसने सोना लूटने की योजना बनाई और इसमें अपने बॉयफ्रेंड जिम संचालक हिमांशू, ट्रेनर चिराग और 19 वर्षीय पारस को शामिल किया। वारदात से पहले घर की रेकी की गई और परिवार के बाहर जाने का इंतजार किया गया।

मेले में भेजकर घर को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार 30 अगस्त को सिमरन ने पहले घर की रेकी की थी। इसके बाद उसने अपनी आंटी को मेला देखने जाने के लिए तैयार किया। जब परिवार मेले के लिए बाहर चला गया, तभी हिमांशू, चिराग और पारस घर में घुस गए। बताया गया है कि सिमरन ने अपार्टमेंट के केंद्रीय ताले की डुप्लीकेट चाबी भी हासिल कर रखी थी, जिससे आरोपियों को अंदर प्रवेश करने में आसानी हुई।

बुजुर्ग ने शोर मचाया तो घोंट दिया गला

घर में घुसने के बाद आरोपियों का सामना राकेश खन्ना से हो गया। उनके साथ मारपीट की गई। विरोध करते हुए बुजुर्ग ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोपियों को डर था कि आवाज बाहर पहुंच जाएगी, इसलिए उन्होंने उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने पूरे घर को खंगाला और सोने की तलाश की, लेकिन उन्हें सोना नहीं मिला।

डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हुए आरोपी

लूट के दौरान आरोपियों के हाथ करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लगे। वे कैश लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो वारदात की कड़ियां परिवार के भीतर तक पहुंचीं। जांच में सामने आया कि हत्या और लूट की साजिश में मृतक की भतीजी की भूमिका थी। पुलिस ने सिमरन समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button