बिहारराज्य

BPSC पास 2,027 युवाओं को नियुक्ति पत्र, 2030 तक 1 करोड़ नौकरी-रोजगार का लक्ष्य; सम्राट सरकार का बड़ा प्लान

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफल 2,027 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये सभी अभ्यर्थी राज्य सरकार के 25 विभागों में अपनी सेवाएं देंगे। बापू सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से कुछ चयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र दिए। इसके बाद समारोह में मौजूद कई मंत्रियों ने भी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया जाना अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पाना अभ्यर्थियों के जीवन का ऐतिहासिक अवसर है और अब उनके सामने जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी है।

2030 तक एक करोड़ युवाओं को नौकरी-रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में पिछले आठ-नौ महीनों के दौरान करीब दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और साढ़े छह लाख लोगों को रोजगार मिला है। राज्य सरकार ने वर्ष 2025 से 2030 के बीच एक करोड़ नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस लक्ष्य को निश्चित रूप से हासिल करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2020 से 2025 के बीच राज्य में 12 लाख सरकारी नौकरियां और 50 लाख रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार युवाओं के लिए नौकरी के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रही है।

3.47 लाख करोड़ रुपये का हुआ बिहार का बजट

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार का बजट बढ़कर 3.47 लाख करोड़ रुपये हो गया है। राज्य में शहरी विकास को गति देने के लिए 12 नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इन परियोजनाओं के जरिए बड़े पैमाने पर निवेश आने की उम्मीद है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

स्टील, सेमीकंडक्टर और फूड प्रोसेसिंग पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगीकरण को विशेष प्राथमिकता दे रही है। बिहार को स्टील हब बनाने के साथ सेमीकंडक्टर, न्यूक्लियर एनर्जी और फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री जैसे क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से राज्य में रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे और बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। आधारभूत ढांचे के विकास का लाभ भी लोगों को मिल रहा है। सड़क संपर्क बेहतर होने के कारण अब पटना से बोधगया की दूरी करीब डेढ़ घंटे में तय करना संभव हो गया है।

नवनियुक्त अधिकारियों को जनसेवा का संदेश

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से कहा कि लोक सेवा केवल सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा और जनकल्याण का माध्यम है। उनके काम से समाज के किसी न किसी व्यक्ति की प्रगति का रास्ता खुलेगा।

उन्होंने कहा कि अधिकारी जितनी ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे, बिहार उतनी ही तेजी से आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए सरकार के साथ समाज के हर वर्ग और प्रत्येक नागरिक के सामूहिक प्रयास को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और नवनियुक्त पदाधिकारी इस विकास यात्रा के अहम सहभागी होंगे।

Related Articles

Back to top button