जमशेदपुर में आज चलेगा बुलडोजर, सरकारी जमीन पर बने 16 घरों पर कार्रवाई; जानें क्यों लिया गया फैसला

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। मानगो नगर निगम क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के किनारे सरकारी जमीन पर बने 16 घरों को तोड़ा जाएगा। प्रशासन के मुताबिक, इन मकानों के निर्माण को अतिक्रमण माना गया है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर मानगो के अंचलाधिकारी ब्रजेश श्रीवास्तव ने प्रभावित लोगों को दोबारा नोटिस जारी कर तामील करा दी है। गुरुवार को अंचलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से अपने घर खाली करने को कहा।
आज तीन घरों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने मकान हटाने के लिए दो दिन का कार्यक्रम तैयार किया है। शुक्रवार को वार्ड नंबर 8 में ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित चाणक्यपुरी के नीचे नदी किनारे बने तीन मकानों को हटाने की योजना है। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
इसके बाद शनिवार को वार्ड नंबर 10 में अभियान चलाया जाएगा। यहां गौड़ बस्ती के नीचे स्वर्णरेखा नदी के किनारे सरकारी जमीन पर बने 13 मकानों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस तरह दो दिनों में कुल 16 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी है।
एनजीटी के आदेश पर हो रही कार्रवाई
यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश के तहत की जा रही है। एनजीटी की कोलकाता पीठ ने स्वर्णरेखा नदी की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया था।
प्रशासन ने इससे पहले भी कार्रवाई के लिए 4 और 6 अगस्त की तारीख तय की थी। 4 अगस्त को मानगो और 6 अगस्त को भुइयांडीह क्षेत्र में कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन उस समय अभियान आगे नहीं बढ़ सका।
पुलिस बल की कमी के कारण पहले रुक गई थी कार्रवाई
अगस्त में तय तारीखों पर कार्रवाई नहीं होने की वजह पुलिस बल की उपलब्धता बताई गई थी। पुलिस के मुताबिक, जिले के बड़ी संख्या में जवान देवघर में श्रावणी मेला ड्यूटी पर तैनात थे। पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने के कारण अतिक्रमण हटाने का अभियान रोकना पड़ा था।
अब एनजीटी की ओर से बार-बार कार्रवाई की रिपोर्ट मांगे जाने के बाद जिला प्रशासन पर अभियान पूरा करने का दबाव है। इसी के चलते प्रभावित परिवारों को दोबारा नोटिस देने के साथ कार्रवाई का नया कार्यक्रम तैयार किया गया है।
16 घरों को लेकर प्रशासन ने फिर जारी किया नोटिस
प्रशासन की ओर से मानगो क्षेत्र में नदी किनारे बने सभी 16 मकानों के प्रभावित लोगों को दोबारा नोटिस दिया गया है। अंचलाधिकारी ने गुरुवार को मौके पर जाकर लोगों से मकान खाली करने को कहा। शुक्रवार और शनिवार को तय कार्यक्रम के अनुसार प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा।



