
देहरादून: उत्तराखंड में जारी चारधाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यात्रा शुरू होने के 94 दिनों के भीतर ही चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 45 लाख के पार पहुंच गई है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.52 लाख अधिक है, जिससे इस बार यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के बढ़ते उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आंकड़ों के अनुसार, बीते वर्ष इसी अवधि में 41 लाख 47 हजार 540 श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे, जबकि इस बार 94 दिनों में यह संख्या 45 लाख से अधिक हो चुकी है।
बद्रीनाथ धाम में सबसे अधिक पहुंचे श्रद्धालु
इस बार सबसे ज्यादा श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। अब तक बद्रीनाथ धाम में 15 लाख 27 हजार 936 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 12 लाख 19 हजार 744 थी। इस तरह बद्रीनाथ में अकेले 3 लाख 8 हजार 192 अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।
चारों धामों में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा ने मंगलवार को 94 दिन पूरे कर लिए। इस दौरान बद्रीनाथ धाम में 15,27,936 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं, केदारनाथ धाम में 14,11,861, गंगोत्री धाम में 7,03,064 और यमुनोत्री धाम में 6,47,447 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। इसके अलावा हेमकुंड साहिब में भी अब तक 2,10,896 श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं।
मानसून के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर सरकार की विशेष नजर
प्रदेश सरकार ने मानसून को देखते हुए चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं आपदा प्रबंधन की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। भूस्खलन संभावित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद चारों धामों में श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है।



