![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2021/11/1247341-gorakhpur-chhath-pooja.webp)
यूपी में धूम-धाम से मनाया गया छठ पर्व
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में छट की छटा चारों तरफ नजर आई। आम हो या खास सभी श्रद्धा की डुबकी लगाने को बेताब दिखे। महापौर सीताराम जायसवाल (Mayor Sitaram Jaiswal) और सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) जहां खुद घाट पर दऊरा लेकर पहुंचे, वहीं पार्षदों ने घाट पर तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी। छठ घाट पर पहुंचे सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) के साथ महिलाओं और युवतियों में सेल्फी लेने की होड़ दिखी। सांसद ने भी किसी को निराश नहीं किया।
महापौर सीताराम जायसवाल (Mayor Sitaram Jaiswal) पत्नी देवमुन्ना देवी जायसवाल व परिवारीजनों के साथ राप्ती नदी के शंकर घाट पर दऊरा लेकर पहुंचे। परिवार की महिलाएं छठ गीत गाती हुई दिखीं। महापौर ने डूबते सूर्य को अर्घ दिया। गोरखनाथ मंदिर में नगर निगम और मंदिर प्रशासन की तरफ से पुख्ता व्यवस्था की गई थी। महिलाएं तीन बजने के साथ ही मंगलगान गाते हुए घाट पर पहुंचने लगी थीं। वहीं डोमिनगढ़, महेसरा और रामगढ़झील के घाट पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ दिया।
कोरोना के खौफ के बीच कई परिवारों ने छत पर ही सूर्य भगवान की अराधना की। छठ पूजा के अवसर पर राजघाट स्थित रामघाट, तकिया घाट, हनुमानगढ़ी, डोमिनगढ़, सूर्यकुण्ड मानसरोवर एवं अन्य घाटों पर निगम के जिम्मेदार सक्रिय दिखे। नगर निगम द्वारा महानगर के प्रमुख 18 घाटों पर लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है। छठ घाटों पर अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, मुख्य अभियन्ता सुरेश चन्द्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सहायक अभियन्ता नर्वदेश्वर पाण्डेय, कनिष्ट प्रभारी स्वास्थ्य अखिलेश कुमार श्रीवास्तव आदि सक्रिय रहे।
अस्था के महापर्व पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंगों में छठ की छटा दिखी। देवरिया बाईपास रोड पर कादंबनी हाइट में लोग पार्क में पोखरा बनाकर छठ पूजा की। अपार्टमेंट में रहने वाली डॉ.सीमा वर्मा ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ दिया। मेडिकल रोड पर एक अपार्टमेंट में दर्जन भर से अधिक परिवारों ने छठ को लेकर विशेष तैयारी की थी। छठ गीतों के बीच महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ दिया। वहीं गोलघर, जनप्रिय विहार, बेतियाहाता, बिछिया में भी छठ की छटा देखी गई। कई स्थानों पर छठ माता की प्रतिमा स्थापित की गई है। वहां छठ गीतों से महौल भक्तिमय बना हुआ है।