झारखण्डराज्य

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, शहरों के हर वार्ड में खुलेंगे वेंडर मार्केट; जाम से निपटने की तैयारी

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को नगर विकास एवं आवास विभाग और पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और तय समय सीमा में क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि शहर के हर वार्ड में जरूरत के मुताबिक वेंडर मार्केट बनाने की दिशा में काम किया जाए। इसका उद्देश्य सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या को कम करना है। साथ ही सरकारी जमीन पर हुए कब्जों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

रांची को आधुनिक और व्यवस्थित शहर बनाने की तैयारी

समीक्षा बैठक में रांची को व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, पार्क, चौराहे, यातायात व्यवस्था, जल निकासी और चल रही विकास परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। रांची के मास्टर प्लान और आने वाले वर्षों के लिए विकास की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक और समग्र कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास का दायरा केवल रांची तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित तरीके से विकसित करने और वहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तैयार होगा पूरा डेटा

मुख्यमंत्री ने रांची की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने शहर में चलने वाली सभी बसों की संख्या, उनके मार्ग और समय-सारणी का पूरा आंकड़ा तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिह्नित कर बंद करने और तय चौक-चौराहों से ही सुरक्षित तरीके से वाहनों को मोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सड़कों पर लटकते बिजली और केबल तार हटेंगे

मुख्यमंत्री ने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लटक रहे बिजली, दूरसंचार और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली के खंभों पर अव्यवस्थित तरीके से लिपटे तारों को चिह्नित कर नियमानुसार हटाया जाए।

सड़क निर्माण के साथ जल निकासी पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने जल निकासी की बेहतर व्यवस्था को सड़क निर्माण का जरूरी हिस्सा मानते हुए काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों के दोनों किनारों पर वैज्ञानिक तरीके से जल निकासी की व्यवस्था विकसित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल निकासी व्यवस्था के लिए सड़क की संरचना के अनुरूप पर्याप्त चौड़ाई और जरूरी जगह रखी जाए, ताकि भविष्य में सड़क किनारे अनियोजित निर्माण और अतिक्रमण की स्थिति पैदा न हो। सड़क की चौड़ाई, जल निकासी, पैदल यात्रियों की सुविधा और यातायात को ध्यान में रखते हुए समग्र डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या वाले इलाकों को विशेष रूप से चिह्नित कर वहां प्रभावी जल निकासी नेटवर्क विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button