छत्तीसगढ़

पीएम मोदी को CM साय का भावुक आभार पत्र, बोले- आपके नेतृत्व में नक्सलवाद पर लगी लगाम, बस्तर पहुंचा विकास का उजाला

रायपुर : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विस्तृत आभार पत्र भेजकर उनके नेतृत्व की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच, मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और जनकल्याण केंद्रित नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ में विकास, सुरक्षा, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन की नई इबारत लिखी गई है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और योजनाओं ने छत्तीसगढ़ को नई दिशा और नई गति प्रदान की है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में मिली बड़ी सफलता

अपने पत्र में मुख्यमंत्री साय ने सबसे प्रमुख रूप से नक्सलवाद के खिलाफ मिली उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सुरक्षा और विकास को समान प्राथमिकता देते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सहयोग दिया, जिसके परिणामस्वरूप राज्य नक्सलमुक्ति के लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच गया है।

उन्होंने बताया कि विशेष केंद्रीय सहायता योजना, सुरक्षा संबंधी व्यय योजना, विशेष अधोसंरचना योजना, आधुनिक हथियारों की उपलब्धता, एयर सपोर्ट और जंगल वारफेयर प्रशिक्षण जैसी पहलों ने सुरक्षा बलों की क्षमता को मजबूत किया है। वहीं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।

3,222 किलोमीटर से अधिक सड़कों ने बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 3,222 किलोमीटर से अधिक सड़कों और कई बड़े पुलों का निर्माण किया गया। इससे लंबे समय तक विकास से कटे रहे इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा कि बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क के कारण सुरक्षा अभियानों को गति मिली और विकास कार्यों का विस्तार संभव हो सका।

केंद्र से मिली वित्तीय मजबूती का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ने से छत्तीसगढ़ को वित्तीय रूप से मजबूती मिली है। पिछले 12 वर्षों में राज्य को केंद्रीय करों में 3.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक और विभिन्न योजनाओं के लिए 1.43 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्राप्त हुई है।

इसके अलावा जीएसटी क्षतिपूर्ति और पूंजीगत निवेश सहायता जैसी योजनाओं ने राज्य की आर्थिक प्रगति को नई रफ्तार दी है।

किसानों के लिए योजनाओं का बताया बड़ा लाभ

पत्र में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना, कृषि यंत्रीकरण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिला है और कृषि क्षेत्र मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2015 की तुलना में राज्य में पंजीकृत किसानों की संख्या दोगुनी से अधिक हो चुकी है, जबकि धान खरीदी और किसानों को भुगतान के आंकड़ों में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आवास, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास में बदलाव

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाली योजना बताया। उन्होंने कहा कि लाखों परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और जल जीवन मिशन ने ग्रामीण क्षेत्रों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के जरिए मेडिकल कॉलेजों, सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों, स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है।

आदिवासी विकास को बताया परिवर्तन की नींव

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम-जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य विद्यालय, वनाधिकार मान्यता और जनजातीय संग्रहालय जैसी पहलें आदिवासी समाज के विकास में मील का पत्थर साबित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि वनाधिकार पत्रों के वितरण और जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से आदिवासी समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिली है।

महिला सशक्तिकरण और रोजगार पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उज्ज्वला योजना, सक्षम आंगनबाड़ी और सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं और बड़ी संख्या में ‘लखपति दीदी’ के रूप में नई पहचान बना रही हैं।

‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य पर जताया भरोसा

अपने पत्र के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने सुरक्षा, कृषि, उद्योग, अधोसंरचना, जनजातीय विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को और तेजी से हासिल करेगा तथा देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

Related Articles

Back to top button