छत्तीसगढ़राज्य

CM साय का सम्मान समारोह आज: श्रमिक परिवारों के टॉपर्स बच्चों को मिलेंगे 2 लाख रुपये, बोर्ड परीक्षा के मेधावियों का होगा सम्मान

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार 5 जून को राजधानी रायपुर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पंजीकृत निर्माण श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करेंगे। दोपहर 2:30 बजे न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन में होने वाले इस कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 में स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

मेधावी छात्रों को मिलेगा 2 लाख रुपये का लाभ

योजना के तहत चयनित प्रत्येक मेधावी छात्र को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त करने और आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दोपहिया वाहन खरीदने के लिए 1 लाख रुपये का विशेष अनुदान भी प्रदान किया जाएगा।

इस तरह प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को कुल 2 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक वितरित कर लाभान्वित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य आर्थिक सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी हैं ये शर्तें

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अधिकारियों के अनुसार योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए संबंधित श्रमिक का श्रम कल्याण मंडल में कम से कम 90 दिन पहले से पंजीकृत होना अनिवार्य है।

योजना के तहत यह वार्षिक प्रोत्साहन राशि पंजीकृत निर्माण श्रमिक के केवल पहले दो बच्चों को ही दी जाएगी। साथ ही एक शैक्षणिक वर्ष में इस योजना का लाभ केवल एक बार ही लिया जा सकेगा।

श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिलेगा शिक्षा में आगे बढ़ने का अवसर

राज्य सरकार की यह पहल निर्माण श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च शिक्षा की दिशा में प्रोत्साहित करने और उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के जरिए मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य को मजबूत आधार देने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button