टॉप न्यूज़ब्रेकिंगराष्ट्रीय

मोदी के डर से दिल्ली में हो रहा आप-कांग्रेस का गठबंधन : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में एक-दूसरे के धुर विरोधी दलों के बीच गठबंधन की चर्चाओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ लोग डर गए हैं। इसी के चलते आम आदमी पार्टी(आप) और कांग्रेस के गठबंधन की कहानी चल रही है। हालांकि दिल्ली में सिर्फ भाजपा ही विजय पताका फहराएगी।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली के उत्तर पूर्वी संसदीय क्षेत्र के यमुना विहार में ‘विजय संकल्प सभा’ को संबोधित करने के बाद स्थानीय सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के संसदीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस को आतंकवाद पर ढुलमुल नीति, देश में विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर घेरा। वहीं ‘आप’ के नेतृत्व वाली दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पर लोकपाल, महिला सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, मुफ्त वाईफाई, निर्भया फंड, 47 फास्ट ट्रैक कोर्ट और बिजली-पानी के चुनावी वादों में से किसी को भी पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।

राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस पिछले 60 साल में देशभर में बिजली नहीं पहुंचा पाई थी। मोदी सरकार ने हर गांव तक इसकी पहुंच को संभव बनाया। कांग्रेस की नीतियों के कारण विदेशी निवेशक ही नहीं भारत के लोग भी यहां निवेश के बजाय विदेशों में निवेश करते थे। मोदी सरकार आने के बाद उन्हें बेहतर माहौल मिलने से मानसिकता बदली है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि लोकपाल के लिए ‘आप’ के नेता ने इतना बड़ा आंदोलन किया लेकिन जब लोकपाल बनाने का मौका आया तो एक बहुत ही कमजोर बिल बनाकर विधानसभा में पेश किया। इतना ही नहीं अपनी पार्टी के आंतरिक लोकपाल को भी अपमानित करके निकल दिया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने कितने नए स्कूल और कॉलेज खोले हैं। सरकार को चाहिए कि वह जनता को बताए कि उसने कितने सीसीटीवी लगाए और निर्भय फंड के कितने पैसे महिला सुरक्षा पर खर्च किए।

मनोज तिवारी ने इस मौके पर एक कविता के माध्यम से लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए राजनाथ सिंह की मौजूदगी को शुभ मुर्हुत करार दिया। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली की गलियों से हो रहा मुर्हुत है, पांच साल और हमें मोदी की जरूरत है।‘ विकास कार्यों के मुद्दे पर ‘आप’ और कांग्रेस की सरकारों को घेरते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि इस क्षेत्र में न तो मेट्रो थी और न ही केंद्रीय स्कूल था। मोदी सरकार आने के बाद यहां मेट्रो और केंद्रीय स्कूल का सपना साकार हुआ। दशकों से लंबित सिग्नेचर ब्रिज भी हम मोदी सरकार आने के बाद देने में सक्षम हुए हैं। उन्होंने कहा मोदी सरकार द्वारा 4500 करोड़ की लागत से इस क्षेत्र में रोड का काम शुरू हुआ, जिसके बनने के बाद लोगों को शास्त्री पार्क, खजूरी पार्क में जाम की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा।

 

Related Articles

Back to top button