देहरादून: उत्तराखंड में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम जनता को आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध हों और कालाबाजारी, जमाखोरी तथा मुनाफाखोरी के जरिए कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर लोगों से अधिक कीमत वसूलने की स्थिति नहीं बननी चाहिए। अधिकारियों को बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार समयबद्ध कदम उठाने को कहा गया है।
हर जिले में बाजारों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने को कहा है। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और प्रचलित बाजार भाव के साथ उनके स्टॉक की स्थिति की भी जांच की जाएगी। कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आम लोगों के घरेलू बजट पर न पड़े अनावश्यक बोझ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर आम नागरिकों के घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में मूल्य नियंत्रण से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।




