‘इधर-उधर मत करिए, बहुत आगे जाएंगे’… उमेश कुशवाहा पर जमकर बरसे नीतीश कुमार के तारीफ के बोल

जंदाहा: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को वैशाली जिले के जंदाहा प्रखंड स्थित कजरी बुजुर्ग गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जदयू प्रदेश अध्यक्ष और विधायक उमेश कुशवाहा के पैतृक आवास का दौरा किया। इस दौरान उनका स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
नीतीश कुमार ने उमेश कुशवाहा के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उमेश कुशवाहा ने अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत और सम्मान किया।
एनडीए कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
कार्यक्रम में मौजूद एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने बिहार में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर विकास योजनाओं को जमीन पर उतारा गया है और आने वाले समय में भी विकास कार्य युद्ध स्तर पर जारी रहेंगे।
महिला सशक्तिकरण को लेकर चलाई गई सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार काम करती रही है।
उमेश कुशवाहा की खुलकर की तारीफ
सभा के दौरान नीतीश कुमार ने उमेश कुशवाहा की राजनीतिक भूमिका की सराहना करते हुए कहा, “इधर-उधर मत करिए, आपको दो बार जदयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, आप बहुत आगे जाएंगे।” उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियां बजाईं।
कई नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधान पार्षद और विधान परिषद के मुख्य सचेतक संजय गांधी, विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ, राजापाकर विधायक महेंद्र राम, वैशाली विधायक सिद्धार्थ पटेल और जदयू जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी को उमेश कुशवाहा की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया अनूप लाल सिंह, राज्य परिषद सदस्य मनोज पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय नेता कार्यक्रम में शामिल हुए।
रास्तेभर हुआ भव्य स्वागत
कजरी बुजुर्ग पहुंचने के दौरान गाजीपुर चौक और अंधराबर चौक पर जदयू कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे इलाके में कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलचल और उत्साह का माहौल देखने को मिला।



