ED की बड़ी कार्रवाई: रामगोपाल अग्रवाल के बाद अब करीबियों पर शिकंजा, अनूप अग्रवाल समेत कई ठिकानों पर छापेमारी

रायपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई कांग्रेस नेता और पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बाद उनके करीबियों तक पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार, ईडी ने रायपुर, धमतरी और दुर्ग में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। इनमें कारोबारी अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित घर और दफ्तर समेत चार ठिकाने शामिल हैं। कार्रवाई में ईडी के करीब दर्जनभर अधिकारी और पुलिस के जवान शामिल हैं।
अनूप अग्रवाल के घर-दफ्तर में दस्तावेजों की जांच
रायपुर के रविनगर में कारोबारी अनूप अग्रवाल के घर पर भी ईडी की टीम पहुंची। अनूप अग्रवाल जीडी लॉजिस्टिक के संचालक और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल के भाई बताए जा रहे हैं। वह रामगोपाल अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं। टीम घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। चार अलग-अलग ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई जारी रहने की जानकारी सामने आई है।
रामगोपाल के भतीजे के धमतरी स्थित घर पर भी छापा
ईडी ने रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी छापेमारी की है। कार्रवाई की खबर के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित निवास के सामने धरने पर बैठ गए। धमतरी विधायक ओंकार साहू समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता ईडी की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।
दुर्ग में बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के ठिकानों पर कार्रवाई
दुर्ग में बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घर पर भी ईडी की टीम सुबह करीब 6 बजे पहुंची। करीब 7 अधिकारियों की टीम दोनों ठिकानों पर जांच कर रही है। सजल जैन और विश्वास गुप्ता को भी कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का करीबी बताया जा रहा है।
चर्चा है कि कई अधिकारियों का पैसा दोनों के रियल एस्टेट कारोबार में लगा हुआ है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ED की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का धरना
धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामगोपाल अग्रवाल के घर ईडी की दबिश के विरोध में धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारी ईडी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल पहले से ईडी की हिरासत में हैं। ऐसे में उनके परिवार के घर छापेमारी कर परिजनों को परेशान करना गलत है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और व्यापारी वर्ग में नाराजगी है।
धमतरी विधायक ओंकार साहू ने भी परिवार को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने का आरोप लगाया। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने भाजपा पर राजनीतिक द्वेष के चलते केंद्रीय एजेंसी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन करेगी।



