
रायपुर: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा में कथित पेपर लीक और भर्ती घोटाले की जांच के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी की टीम ने दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित विश्व बैंक कॉलोनी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व निजी सचिव कृष्ण कुमार चंद्रवंशी के आवास पर छापेमारी की।
रायपुर जोन की प्रवर्तन निदेशालय की टीम सुबह करीब 6 बजे तीन वाहनों से चंद्रवंशी के घर पहुंची। टीम के पहुंचते ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मकान के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
CGPSC भर्ती मामले से जुड़ी जांच में कार्रवाई
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई CGPSC परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक से जुड़े मामले की जांच के तहत की जा रही है। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में CGPSC के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया था। चंद्रवंशी के आवास पर पहुंची टीम दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य सामग्रियों की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ में सात ठिकानों पर एक साथ छापा
यह कार्रवाई केवल भिलाई तक सीमित नहीं है। CGPSC घोटाले की जांच के सिलसिले में रायपुर जोन की प्रवर्तन निदेशालय टीम छत्तीसगढ़ में कुल सात अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व पीए केके चंद्राकर से जुड़े परिसर भी शामिल बताए जा रहे हैं।
घर के बाहर कड़ा पहरा, आवाजाही पर रोक
छापेमारी के दौरान संबंधित परिसरों के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और आवाजाही पर रोक है। हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। तलाशी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच टीम को कौन-कौन से दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य या अन्य सामग्री मिली है।



