छत्तीसगढ़राज्य

जांजगीर में 10 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 12वीं, डिप्लोमा और BE पास युवाओं के लिए 190 पदों पर भर्ती

जांजगीर-चांपा: जिला रोजगार कार्यालय जांजगीर की ओर से शासकीय आईटीआई जांजगीर में गुरुवार 10 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। जिला रोजगार अधिकारी के मुताबिक निजी क्षेत्र के तीन नियोजक इस मेले में शामिल होंगे और अलग-अलग पदों पर युवाओं की भर्ती की जाएगी।

190 पदों पर होगी भर्ती

रोजगार मेले में कैरियर ट्री चेन्नई की ओर से ट्रेनी के 150 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं चैतन्य फाइनेंस इंडिया लिमिटेड रायगढ़ में कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 20 पद और भारतीय जीवन बीमा निगम नैला में बीमा सखी के 20 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया होगी। इस तरह कुल 190 पदों पर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।

10वीं से BE तक के युवा कर सकेंगे आवेदन

इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और बीई निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों का कार्यक्षेत्र जांजगीर, सक्ती, डभरा और चेन्नई समेत अन्य राज्य हो सकता है।

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को अपने सभी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र और जिला रोजगार कार्यालय का रोजगार पंजीयन कार्ड साथ लेकर निर्धारित तारीख और समय पर शासकीय आईटीआई जांजगीर पहुंचना होगा।

लोरमी को जल और मृदा संरक्षण की बड़ी सौगात

लोरमी: उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए लोरमी क्षेत्र में जल और मृदा संरक्षण से जुड़े 27 विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इन कार्यों पर कुल 3 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पर्यावरण उपकार निधि के तहत स्वीकृत इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में गिरते जल स्तर को सुधारना और मिट्टी के कटाव को रोकना है।

16 नए चेक डैम और 5 पुलियों का होगा निर्माण

स्वीकृत कार्यों के तहत नदियों और नालों के पानी को रोकने के लिए 16 नए चेक डैम बनाए जाएंगे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 5 नई पुलियों का निर्माण होगा। तटबंधों की सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल भी बनाई जाएगी। क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कुल 27 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है।

किसानों को सिंचाई में मिलेगी राहत

इन विकास कार्यों के शुरू होने के बाद स्थानीय किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे भू-जल स्तर में भी सुधार होगा। बारिश के दौरान जलभराव और मिट्टी के कटाव की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय निवासियों और किसानों ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button