मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को राज्यपाल ने दी उपाधियां
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह में 450 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई।
Meerut News: सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह में 450 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में आज 19वें दीक्षांत समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन हुआ। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की। समारोह के मुख्य अतिथि गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष एवं बनास डेयरी के चेयरमैन शंकरभाई चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रपौत्र अतुल धीरजलाल पटेल, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं राज्यमंत्री कृषि बलदेव सिंह औलख रहे।
450 मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की
समारोह में कुल 450 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया। बीवीएससी एवं एनिमल हसबैंड्री के छात्र आशुतोष शर्मा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चांसलर गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रायोजित स्वर्ण पदक, बेस्ट टीचर अवार्ड तथा आउटस्टैंडिंग वुमन टीचर अवार्ड भी प्रदान किए गए। वैक्सीनेशन में उत्कृष्ट कार्य करने पर बागपत के जिलाधिकारी व सीडीओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बागपत की आंगनबाडी कार्यकर्त्रियो को बच्चो की कुसी, ट्राईसाईकिल, खिलौने, गिफ्ट आदि वितरित की गई।
दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल एवं कुलाधिपति माननीय आनंदीबेन पटेल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रसेवा के नए संकल्प का पर्व है। विद्यार्थियों के हाथों में पहुंचने वाली उपाधि उनके परिश्रम, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के त्याग का सम्मान है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित न रखते हुए किसान, गांव, समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
सेवा भावना को अपने जीवन का आधार बनाएंगे
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी साकार होगा जब युवा ज्ञान, विज्ञान, नवाचार, नैतिक मूल्यों और सेवा भावना को अपने जीवन का आधार बनाएंगे। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल कृषि, स्टार्टअप, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा किसान कल्याण जैसे राष्ट्रीय संकल्पों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इसरो की तर्ज पर संस्थानों के बीच समन्वय
उन्होंने कहा कि इसरो की तर्ज पर संस्थानों के बीच समन्वय एवं साझा अनुसंधान की संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। बनास डेयरी के माध्यम से प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को जोड़ने की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।
नवाचार आधारित उद्यमी एवं रोजगार सृजक बनने का आह्वान
कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कृषि अनुसंधान, जैव प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डिजिटल कृषि एवं कृषि स्टार्टअप के क्षेत्र में युवाओं के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल रोजगार प्राप्त करने तक स्वयं को सीमित न रखते हुए नवाचार आधारित उद्यमी एवं रोजगार सृजक बनने का आह्वान किया। मा0 राज्यमंत्री कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान श्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि सच्चा ज्ञान वही है जो समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित हो।
133 करोड़ रुपये की विभिन्न आधारभूत संरचना
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 133 करोड़ रुपये की विभिन्न आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर पतंजलि भारतीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, हरिद्वार एवं विश्वविद्यालय के मध्य कृषि, आयुर्वेद तथा अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम का संचालन कुलसचिव डॉ. वी.पी. सिंह एवं श्रीमती प्रमिला उमराव ने किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मा0 कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सोमेन्द्र तोमर, मा0 राज्यमंत्री श्री बलदेव सिंह औलख, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरव चौधरी, मा0 एमएलसी श्री धर्मेन्द्र भारद्वाज, पूर्व सांसद श्री राजेन्द्र अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रबंध परिषद के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



