Haj 2026 Advisory: मेहंदी बन सकती है परेशानी की वजह, महिला यात्रियों को उंगलियों पर लगाने से बचने की सलाह; लखनऊ में गर्मी के कारण 5 घंटे देरी से उड़ी फ्लाइट

लखनऊ/बरेली। हज यात्रा पर जाने वाली महिला यात्रियों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के दौरान अपनी उंगलियों और अंगूठे पर मेहंदी लगाने से बचें, क्योंकि इससे एयरपोर्ट पर होने वाली बायोमेट्रिक जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन में आ सकती है दिक्कत
बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खा वारसी ने बताया कि हवाई अड्डों पर इमिग्रेशन के दौरान यात्रियों के फिंगरप्रिंट लिए जाते हैं। ऐसे में यदि उंगलियों पर गहरी मेहंदी लगी होती है, तो फिंगरप्रिंट स्कैनर सही तरीके से काम नहीं कर पाता। इससे पहचान प्रक्रिया में बाधा आ सकती है और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मेहंदी से ढक जाती हैं उंगलियों की बारीक लकीरें
विशेषज्ञों के अनुसार, मेहंदी त्वचा की ऊपरी परत पर गहराई तक असर डालती है। जब रंग अधिक गहरा होता है, तो यह उंगलियों की सूक्ष्म रेखाओं को ढक देता है, जिससे स्कैनर के लिए फिंगरप्रिंट पढ़ना मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि यात्रा से पहले इस बात का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
सऊदी अरब में सिम एक्टिवेशन पर भी असर
हज यात्रा के दौरान सऊदी अरब में सिम कार्ड खरीदने और उसे सक्रिय करने के लिए भी बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी होता है। अगर उंगलियों पर मेहंदी लगी हो, तो इस प्रक्रिया में भी दिक्कत आ सकती है, जिससे यात्रियों को संचार सेवाओं में बाधा झेलनी पड़ सकती है।
यात्रा को आसान बनाने के लिए एडवाइजरी का पालन जरूरी
हज सेवा समिति ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे इस सलाह का पालन करें ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा का सामना न करना पड़े और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
लखनऊ में गर्मी बनी उड़ान में देरी की वजह
इधर, लखनऊ से हज यात्रियों को लेकर जाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी बुधवार को देरी से रवाना हुई। तय कार्यक्रम के अनुसार विमान को दोपहर 2 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन उस समय तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस होने के कारण पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया।
तापमान घटने के बाद शुरू हुई बोर्डिंग, 426 यात्री रवाना
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, तापमान शाम करीब 7 बजे 35 डिग्री तक पहुंचने के बाद ही उड़ान की प्रक्रिया शुरू की गई। बोर्डिंग शाम 6:55 बजे शुरू हुई और 7:15 बजे तक पूरी कर ली गई। इसके बाद विमान ने 7:25 बजे उड़ान भरी। इस फ्लाइट के जरिए कुल 426 यात्री हज यात्रा के लिए रवाना हुए।



