हिमाचल की बेटी का देशभर में डंका! राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजरी महाजन को दिया राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, CM सुक्खू ने दी बधाई

सुजानपुर: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा जगत के लिए गौरव का क्षण है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ की पूर्व प्रधानाचार्या और वर्तमान में पीएम श्री सीबीएसई सुजानपुर टीहरा की प्रधानाचार्या मंजरी वी. महाजन को शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। देशभर से चुने गए 48 उत्कृष्ट शिक्षकों में मंजरी वी. महाजन का नाम भी शामिल रहा।
शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बनाई पहचान
मंजरी वी. महाजन ने शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और विद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए भी अलग पहचान बनाई है। उनके नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के चलते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार और वेस्ट वारियर अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर कई उपलब्धियां
एक विद्यालय प्रमुख और प्रशासक के तौर पर मंजरी महाजन के नाम कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय उपलब्धियां दर्ज हैं। सैंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमैंट की ओर से उनके विद्यालय को लगातार दो बार ग्रीन स्कूल स्टेटस दिया जा चुका है। इसके अलावा राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान, दिल्ली ने उन्हें देश के चुनिंदा अभिनव स्कूल प्रमुखों की सूची में स्थान दिया है।
बालिका शिक्षा के लिए भी मिला विशेष सम्मान
मंजरी महाजन के कार्यों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना भी शामिल रहा है। इसी क्षेत्र में जिला प्रशासन की ओर से उन्हें विजनरी लीडर इन गर्ल एजुकेशन के विशेष सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है।
विद्यालयों में शुरू किए पर्यावरण हितैषी प्रोजेक्ट
मंजरी महाजन ने छात्रों को सिर्फ किताबी शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ने की दिशा में काम किया। उनके प्रयासों से विद्यालयों में प्लास्टिक मुक्त परिसर, जैविक खेती के लिए वर्मी कंपोस्टिंग यानी केंचुआ खाद तैयार करने और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन जैसी पर्यावरण हितैषी पहल लागू की गईं।
CM सुक्खू ने दी हार्दिक बधाई
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुजानपुर टीहरा सीबीएसई की प्रधानाचार्या मंजरी वी. महाजन को राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और विद्यालय नेतृत्व के क्षेत्र में उनके समर्पण को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे शिक्षक समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



