उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

मेजर ध्यानचंद जयंती : मेरठ खेल यूनिवर्सिटी में खिलाड़ियों का सम्मान

मेरठ खेल विवि में हाकी के महानायक मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्ण नमन।

Meerut News: हॉकी के महान खिलाड़ी एवं भारतीय खेल जगत के अमर नायक मेजर ध्यानचंद की जन्म-जयंती के उपलक्ष्य में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी (एमडीएसयू), मेरठ में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाने वाला यह दिवस उनके खेल कौशल, राष्ट्र के लिए उनके गौरवपूर्ण योगदान तथा खेलों के प्रति उनके अनुकरणीय समर्पण एवं प्रतिबद्धता का स्मरण करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है।
उमंग और उत्साह से सराबोर रहा
आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ स्थित एमडीएसयू के अस्थायी कार्यालय में आयोजित किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पूरा विश्वविद्यालय परिसर खेल भावना, ऊर्जा, उमंग और उत्साह से सराबोर रहा। विश्वविद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से महानायक मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों, अनुशासन, समर्पण एवं गौरवशाली खेल विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद को माला अर्पित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।
विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के साथ शपथ
कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रीय गीत से हुआ. कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य एवं यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के साथ शपथ, योग तथा भाषण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाषण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, व्यक्तित्व, संघर्ष, अतुलनीय खेल उपलब्धियों, राष्ट्र के प्रति उनके योगदान एवं उनकी प्रेरणादायी विरासत पर अपने विचार अत्यंत प्रभावशाली एवं ओजपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किए।
राष्ट्रीय खेल दिवस के दिवस पर आयोजित विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के अंतर्गत बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं योग सहित अनेक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। मैदान से लेकर परिसर तक विद्यार्थियों की ऊर्जा और उत्साह ने आयोजन को जीवंत बना दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
समारोह का विशेष आकर्षण उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण रहा, जिन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत कर एवं प्रतिभाग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की सराहना के साथ-साथ विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों एवं उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का सशक्त संदेश बना।
मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल इतिहास के ऐसे महानायक
इस अवसर पर कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं उनके असाधारण खेल योगदान को अत्यंत प्रेरणादायी ढंग से स्मरण किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिनकी प्रतिभा, अनुशासन, विनम्रता, निरंतर अभ्यास और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने मेजर ध्यानचंद की उपलब्धियों और उनके व्यक्तित्व के विभिन्न प्रेरणादायी पहलुओं को विद्यार्थियों के समक्ष रखते हुए उन्हें अपने जीवन में मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें
कुलपति ने विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने अथवा प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने का प्रयास करें। इस अवसर पर वित्त अधिकारी पंकज चतुर्वेदी, कुलसचिव सुनील कुमार झा एवं विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने विभिन्न कार्यक्रमों एवं खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा आयोजन को सफल एवं स्मरणीय बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Related Articles

Back to top button