राज्यहिमाचल प्रदेश

किन्नौर में भीषण सड़क हादसा! ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत; तीन गंभीर घायल

शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टापरी थाना क्षेत्र के करछम डैम के पास ट्रक और ऑल्टो कार की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ऑल्टो कार में चार लोग सवार थे। करछम डैम के समीप पहुंचते ही कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिमला जिले की रामपुर तहसील के गौरा गांव निवासी 34 वर्षीय नीजू राम, पुत्र केन राम, की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में अशोक कुमार (45), पुत्र मनसुआ, निवासी गांव कोठी, तहसील कल्पा, जिला किन्नौर, यशपाल नेगी (50), पुत्र स्वर्गीय यंगदास, निवासी ब्रेलिंगी, तहसील कल्पा, जिला किन्नौर तथा साहिल, निवासी सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य

देर रात हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टापरी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए शोल्टू अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

टापरी पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है ताकि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कारणों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button