उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ब्रेकिंगराज्यलखनऊ

केजीएमयू में भर्ती कोरोना के मरीजों की तबीयत में आ रहा सुधार


लखनऊ। राजधानी में कोरोना संक्रमण अब थम नहीं रहा। केजीएमयू में भर्ती नोवल कोरोना वायरस संक्रमित दोनों मरीजों की तबीयत जस की तस बनी हुई है। हांलाकि दोनों मरीजों को अलग-अलग कमरे में भर्ती किया गया है। रविवार को स्पेन से लौटे युवक को भी केजीएमयू में भर्ती किया गया है। वहीं लोहिया संस्थान में जॉर्डन से लौटे मरीज को भर्ती किया गया है।

कनाडा से लखनऊ गोमतीनगर में परिवारीजनों से मिलने आई महिला डॉक्टर कोरोना की चपेट में है। उनका इलाज केजीएमयू के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती है। वहीं महिला डॉक्टर के संपर्क आए युवक को भी कोरोना वायरस ने चपेट में ले लिया है।

केजीएमयू मेडिसिन विभाग के डॉ. डी हिमांशु का कहना है कि दोनों मरीजों की तबीयत में सुधार है। महिला डॉक्टर की फिर से जांच कराई गई है। उन्होंने बताया कि स्पेन से लौटे युवक को कोरोना के लक्षणों के आधार पर भर्ती किया गया है। जांच के लिए नमूना भेज दिया गया है।

लोहिया संस्थान के प्रवक्ता एवं नोडल ऑफिसर डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक कोरोना संक्रमण की आशंका में एक युवक को भर्ती किया गया है। कुछ रोज पहले वह जॉर्डन से आया है। कोरोना वायरस की पहचान के लिए नमूना एकत्र कर जांच के लिए केजीएमयू भेज दिया गया है। मरीज के संपर्क में आए परिवारीजनों के मोबाइल नम्बर व पते आदि की जानकारी एकत्र कर ली गई है।

केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि रविवार को एक संक्रमित मरीज में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। यह नमूना आगरा से आया था। महिला मरीज बंगलूरू से आगरा पहुंची है। कुल 60 नमूनों की जांच हुई है। एक को छोड़ बाकी किसी में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश में अब तक इस वायरस के संक्रमण के 13 मामले पॉजिटिव मिले हैं।

13वां केस आगरा की युवती का है, जो कि हनीमून मनाकर इटली से लौटी थी। उसने पिता के साथ मिलकर दो दिन तक स्वास्थ विभाग की टीम को दौड़ाया था। केजीएमयू में रविवार को 60 सैंपल का परीक्षण किया गया। जिसमें से आगरा की युवती का सैंपल पॉजिटिव मिला है। 59 सैंपल निगेटिव हैं। आगरा में कोरोना वायरस की संदिग्ध युवती को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा था।

Related Articles

Back to top button