रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग ने नष्ट कराया 150 किलो मावा
विधिक नमूने संग्रहीत किए गए तथा जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किए गए।
Meerut News: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य/पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद मेरठ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय, मेरठ वेद प्रकाश मिश्र के निर्देशन में तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जनपद रवि शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों/विक्रेताओं का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहीत किए गए तथा जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किए गए।
प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान खाद्य कारोबारकर्ता पंकज पुत्र हरदन, निवासी ग्राम छबड़िया, सरधना, मेरठ के प्रतिष्ठान से मावा के तीन नमूने नियमानुसार संग्रहीत कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। मौके पर लगभग 150 किलोग्राम मावा, जिसका अनुमानित मूल्य 37,500 रुपये था। अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छकर अवस्था में भंडारित पाया गया। मावा में मिलावट का संदेह होने के कारण नियमानुसार उक्त मावे को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
वनस्पति के दो खाली टीन और मिल्क पाउडर बरामद
निरीक्षण के दौरान मौके पर वनस्पति के दो खाली टीन तथा लगभग 10 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर भंडारित पाया गया। इसके अतिरिक्त स्किम्ड मिल्क पाउडर के लगभग 10 से 12 कट्टे भी मौके पर रखे पाए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम एवं आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा प्रवर्तन कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी/टीम सदस्य गुंजन शर्मा, अवधेश कुमार, राम प्रताप एवं विजय कुमार उपस्थित रहे।



