अन्तर्राष्ट्रीय

इटली की पीएम मेलोनी ने रचा इतिहास, युद्ध के बाद सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाली प्रधानमंत्री बनीं; PM मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली: इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने देश के युद्ध-बाद के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी मित्र जियोर्जिया मेलोनी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड उनके नेतृत्व में इटली की जनता के भरोसे और विश्वास को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मेलोनी को बधाई देते हुए कहा कि इटली के युद्ध-बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर वह उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि मेलोनी के नेतृत्व में हासिल हुई यह उपलब्धि इटली के लोगों के उनके प्रति भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।

भारत-इटली साझेदारी को मजबूत करने में मेलोनी की अहम भूमिका

पीएम मोदी ने अपने संदेश में भारत और इटली के संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में मेलोनी की दोस्ती ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के लोगों के लिए समृद्ध भविष्य बनाने की दिशा में करीबी सहयोग जारी रखने की उम्मीद जताई और मेलोनी के आगे भी सफल रहने की कामना की।

1413 दिन पद पर रहकर बनाया रिकॉर्ड

49 वर्षीय जियोर्जिया मेलोनी 22 अक्टूबर 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। गुरुवार को प्रधानमंत्री पद पर 1413 दिन पूरे करने के बाद उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया। मेलोनी इटली की प्रधानमंत्री बनने वाली पहली महिला भी हैं।

Related Articles

Back to top button