कांवड़ यात्रा तैयारी: मानक से अधिक ऊंचाई के डीजे होंगे जब्त, सीडीओ ने ली कांवड़ तैयारी की समीक्षा बैठक
कांवड़ यात्रा मार्गों की यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, प्रमुख स्थानो पर साईनेज, बैरिकेडिंग का प्लान बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
Meerut News: विकास भवन सभागार में सीडीओ मेरठ नूपुर गोयल की अध्यक्षता में आगामी सावन कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराये जाने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में कांवड़ तैयारी से संबंधित विभाग जैसे नगर निगम, विद्युत विभाग, विद्युत सुरक्षा, पुलिस, लोक निर्माण, वन विभाग, सिंचाई, आरआरटीएस, जल निगम, पंचायती राज विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, खाद्य सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई सहित अन्य संबंधित के अधिकारी शामिल रहे। इस दौरान सीडीओ ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुये कार्यों में तेजी लाये। कांवड़ यात्रा मार्ग का संबंधित अधिकारीगण लगातार भ्रमण कर समग्रता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाये।
मंदिरों के आसपास विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा हो पूर्ण
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग तथा मंदिरों के आसपास विद्युत व्यवस्था, पथ प्रकाश, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था, साईनेज आदि व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करा लिया जाए। उन्होंने नगर निगम, समस्त बीडीओ, ईओ, डीपीआरओ को समुचित साफ-सफाई, शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, डिवाइडर आदि की व्यवस्था ससमय करने के निर्देश दिये। उन्होंने एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित समस्त संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग पर गड्डा मुक्त/पेंचवर्क मरम्मत कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की तथा कार्य में तेजी लाये जाने के निर्देश दिये। सभी मार्गों पर साईनेज प्वाइंट का चिन्हांकन करते हुए कार्यवाही की जाए। नहर पटरी मार्ग पर स्नान वाले स्थानो को चिन्हित करते हुये चेतावनी बोर्ड, गोताखोर का नाम एवं मोबाइल नंबर चस्पा कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग को दिए निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि चिकित्सा शिविर, एम्बुलेन्स प्वाइंट तथा आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, दवाई, मोबाइल बाइक एम्बुलेन्स, मोबाइल लाइट वैन, कर्मचारियो की डयूटी इत्यादि की कार्य योजना तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होंने विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियो को कांवड़ यात्रा पर पडने वाले विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर, विद्युत तार, खम्भो को पालीथीन से कवर करने आदि का भौतिक निरीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
कांवड़ यात्रा मार्गों की यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, प्रमुख स्थानो पर साईनेज, बैरिकेडिंग का प्लान बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
शिविरों में खाद्यान्न की गुणवत्ता, रेट लिस्ट इत्यादि के संबंध में कार्यवाही करने के निर्देश
उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पडने वाले शिविरों में खाद्यान्न की गुणवत्ता, रेट लिस्ट इत्यादि के संबंध में कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि डीजे की ऊंचाई व ध्वनि मानक के अनुरूप हो। डीजे की ऊंचाई मानक के अनुरूप नहीं होने पर उसको जब्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित के साथ बैठक करते हुए अभी से कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि विभागों को जो भी कार्य एवं दायित्व सौंपे गये हैं उसी के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर पूर्व में की गई तैयारी की समीक्षा करते हुये कांवड़ यात्रा को बेहतर ढ़ग से सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
ये अधिकारी रहे बैठक में उपस्थित
इस अवसर पर डीएफओ वंदना फोगाट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी भूमि अध्यापति नवीन चन्द्र, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, समस्त एसडीएम, अपर नगर आयुक्त लवि त्रिपाठी, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग सत्येन्द्र सिंह, समस्त बीडीओ, समस्त ईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



