सीसीएसयू में स्थापित योगशाला से बदल रही लोगों की जीवन शैली
नित्य योगशाला की स्थापना वर्ष 2023 में की गई थी।
Meerut News : चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ परिसर में संचालित नित्य योगशाला का तृतीय स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुआ।
साधकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, योग साधकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तीन वर्षों की सफल एवं सतत यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह ने योग के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।
योग को जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करना
नित्य योगशाला की स्थापना वर्ष 2023 में विश्वविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय की सामुदायिक सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत की गई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के बीच योग को जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करना तथा स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। पिछले तीन वर्षों में नित्य योगशाला ने सैकड़ों लोगों को नियमित योगाभ्यास से जोड़कर स्वास्थ्य एवं मानसिक
संतुलन के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की थी शुरूआत
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें निदेशक शोध प्रो. बीरपाल सिंह तथा कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव ने भी सहभागिता की। इसके उपरांत योग शिक्षक अमरपाल द्वारा विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सकारात्मक बनाने की एक संपूर्ण जीवन-पद्धति
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक बनाने की एक संपूर्ण जीवन-पद्धति है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव, अवसाद और विभिन्न जीवनशैली जनित रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में योग व्यक्ति को न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।
समग्र विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों और समाज के समग्र विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। नित्य योगशाला इसी सोच का परिणाम है, जिसने तीन वर्षों में स्वास्थ्य जागरूकता का एक सशक्त मंच तैयार किया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए समर्पित करे तो अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।



