अन्तर्राष्ट्रीय

ब्राजील में लुला दा सिल्वा फ्लेवियो बोल्सोनारो को हराकर चौथी बार राष्ट्रपति चुने गए

नई दिल्ली ( दस्तक डेस्क) : ब्राजील में वामपंथी राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने कड़े मुकाबले में दक्षिणपंथी सीनेटर फ्लावियो बोल्सोनारो को हरा दिया है। ब्राजील के सुपीरियर इलेक्टोरल कोर्ट की ओर से जारी आधिकारिक नतीजों के अनुसार, सत्ताधारी वर्कर्स पार्टी के उम्मीदवार और मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर में जीत दर्ज की है।

इस जीत के साथ लूला आधुनिक ब्राजील के इतिहास में ऐसे पहले राजनेता बन गए हैं, जिन्होंने पहले दौर में पीछे रहने के बाद दूसरे दौर में जीत हासिल की है।

लूला को अंतिम दौर के मतदान में 51% वोट मिले, जो पांच करोड़ 14 लाख 90 हजार से अधिक मतों के बराबर हैं। वहीं बोल्सोनारो को 48.68% ही हासिल हुए हैं। दोनों उम्मीदवारों के बीच 26 लाख से अधिक वोटों का अंतर रहा। कड़े मुकाबले के कारण देशभर के मतदान केंद्र निर्धारित समय से दो घंटे अधिक खुले रहे।पूर्व धातु श्रमिक और ट्रेड यूनियन नेता लूला 80 वर्ष की उम्र में अगले वर्ष पांच जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।

इसके साथ ही वे ब्राजील में लोकतंत्र की बहाली के बाद शपथ लेने वाले सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति होने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ देंगे। राष्ट्रपति पद पर यह उनकी चौथी पारी होगी। लूला अब तक सात बार राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ चुके हैं।

लूला की जीत से दक्षिण अमरीका में दक्षिणपंथी नेताओं की चुनावी जीत का हालिया सिलसिला थम गया है। पेरू, कोलंबिया, अर्जेंटीना, बोलीविया और इक्वाडोर जैसे पड़ोसी देशों में हाल के राष्ट्रपति चुनावों में दक्षिणपंथी नेताओं ने जीत हासिल की थी।

लूला का सोशल मीडिया संदेश :

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लूला ने लिखा है कि: “एक बार फिर, ब्राजील की जनता ने मुझे दिखाया कि जब हम साथ मिलकर चलते हैं, तो कोई भी सपना बहुत बड़ा नहीं होता। हमने इन दिनों खूब मेहनत की। हर कदम, हर काम और हर मार्च, केवल चुनाव प्रचार के पल नहीं थे। ये सपनों के साक्षात होने का प्रमाण थे, जो ठोस उपलब्धियों में बदल गए—जैसे कि 6×1 कार्यदिवस (सप्ताह में 6 दिन काम) का अंत। लोगों के आगे बढ़े हाथ और उनकी मुस्कान ने मुझे याद दिलाया कि मैंने अपना जीवन इस देश के मजदूरों की लड़ाई के लिए क्यों समर्पित किया है।” उन्होंने आगे कहा, “हम इस सफर से और अधिक मजबूत, एकजुट और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए तैयार होकर निकले हैं। ब्राजील गले लगाने, हर आंसू, हर मुस्कान और मेरा हाथ कभी न छोड़ने के लिए आपका धन्यवाद। हमारी कहानी के अभी कई खूबसूरत पन्ने लिखे जाने बाकी हैं।”

Related Articles

Back to top button