उत्तराखंड

चारधाम यात्रा से पहले सुरक्षा और व्यवस्थाओं की बड़ी समीक्षा: बदरीनाथ पहुंचे CDS अनिल चौहान, दिए सख्त निर्देश

उत्तराखंड में 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यात्रा से ठीक पहले देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान गुरुवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर दिशा-निर्देश दिए। उनका यह दौरा खासतौर पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सीडीएस के बदरीनाथ पहुंचने पर हेलीपैड पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद आयोजित बैठक में यात्रा से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, तीर्थयात्रियों की सुविधाएं और आपदा से निपटने की रणनीति पर विशेष चर्चा हुई। सीडीएस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।

यात्रा को बताया राज्य की पहचान, आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर

अनिल चौहान ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की पहचान और पर्यटन की रीढ़ है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है कि यहां आने वाले श्रद्धालु सकारात्मक और आध्यात्मिक अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने अधिकारियों को आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत रखने और हर स्थिति के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।

‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0’ का शुभारंभ, साहसिक खेलों को बढ़ावा

अपने दौरे के दौरान सीडीएस ने गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में आयोजित ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0’ प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया। 16 से 20 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य खेलों के माध्यम से विरासत संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा देना और सीमांत क्षेत्रों के विकास को गति देना है। यह पहल ‘वाइब्रेंट विलेज योजना’ के तहत सीमावर्ती गांवों में रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

113 किलोमीटर की चुनौती, तीन केदारों से होकर गुजरेगी प्रतियोगिता

करीब 113 किलोमीटर लंबी इस प्रतियोगिता में कल्पेश्वर, रुद्रनाथ और तुंगनाथ जैसे प्रमुख केदार शामिल हैं। कुल 300 प्रतिभागी इस चुनौतीपूर्ण यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 200 पुरुष और महिलाएं तथा 100 सेवा कर्मी शामिल हैं। प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जा रही है—पहले दिन 36 किलोमीटर, दूसरे दिन 39 किलोमीटर और तीसरे दिन 38 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों के लिए कुल 14 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

चारधाम यात्रा का काउंटडाउन शुरू, तय तारीखों पर खुलेंगे कपाट

चारधाम यात्रा का काउंटडाउन भी शुरू हो चुका है। 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे, जबकि 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए सभी विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button