जून में वाहनों के चालान कर मालामाल हुई मेरठ यातायात पुलिस,वसूले 33.73 लाख
बिना HSRP/दूषित नंबर प्लेट के विरुद्ध कुल 713 चालान कर 1.80 लाख रुपये वसूले गए।
Meerut News: यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मेरठ यातायात पुलिस ने 37,860 चालान कर 33.73 लाख का शमन शुल्क वसूल किया।जनपद में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के लिए एक जून से 30 जून के मध्य विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
बिना हेलमेट और अन्य उल्लंघनों पर किया चालान
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, अवैध पार्किंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र, रॉन्ग साइड/गलत लेन ड्राइविंग, अत्यधिक गति सीमा, बिना मानक नंबर प्लेट,दूषित नंबर प्लेट एवं अन्य यातायात उल्लंघनों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। जिसमें कुल 37,860 चालान किये गये तथा 33.73 लाख रुपये का शमन शुल्क प्राप्त का मेरठ यातायात पुलिस मालामाल हो गई।
यातायात पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का विवरण
दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट के विरुद्ध 21,252 चालान से वसूले गए 5.69 लाख शमन शुल्क। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी के विरुद्ध 1,414 चालान कर 1.12 लाख की वसूली। अवैध पार्किंग पर वाहन पार्क करने पर 2,363 चालान कर 2.50 लाख का शमन शुल्क वसूला गया। बिना ड्राइविंग लाइसेंस के विरुद्ध 1,049 चालान कर यातायात पुलिस ने 1.80 रुपये वसूले। बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के विरुद्ध कुल 558 चालान कर 1.83 लाख का जुर्माना लगाया। गलत लेन/रॉन्ग साइड ड्राइविंग के विरुद्ध 1,412 वाहनों का चालान कर 1.60 लाख रुपये वसूले गए। वाहनों की गति सीमा का पालन न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 4,862 चालान कर 14.52 लाख रुपये वसूले गए। बिना HSRP/दूषित नंबर प्लेट के विरुद्ध कुल 713 चालान कर 1.80 लाख रुपये वसूले गए। अन्य यातायात उल्लंघनों के विरुद्ध कुल 4,237 चालान कर यातायात पुलिस ने 2.86 लाख रुपये प्राप्त किए।
अतिक्रमण हटवाया और लोगों को दी हिदायत
यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुदृढ़ बनाये रखने के लिए थाना पल्लवपुरम क्षेत्र में यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान पुलिस ने पुनः अतिक्रमण न करने के सम्बन्ध में संबंधित व्यक्तियों को हिदायत दी। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क अनुशासन बनाए रखने तथा सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत चलेगा सघन अभियान
इसके अतिरिक्त जनपद में आगामी त्यौहारों, मेलों एवं धार्मिक आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए संदिग्ध वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाकर प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। यातायात पुलिस मेरठ द्वारा सड़क सुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था हेतु यह अभियान निरन्तर जारी रहेगा।



