देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून में HNN न्यूज चैनल की ओर से आईएसबीटी के पास एक होटल में आयोजित ‘उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न मुद्दों पर पूछे गए सवालों के जवाब दिए और राज्य सरकार के फैसलों, उपलब्धियों तथा प्रदेश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, युवाओं को रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने और उनके लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू करके भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर रोजगार के अवसर मिलें।
समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। इसे महिला सशक्तीकरण और समान अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं के अधिकारों को कानूनी मजबूती मिली है। राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी काम कर रही है। इसके तहत महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ उनकी आजीविका बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1064
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 उपलब्ध कराया गया है। इसके जरिए नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन और प्रशासन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
चारधाम यात्रा में 59 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे
चारधाम यात्रा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक 59 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उत्तराखंड के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाती है। सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। साथ ही, दूसरे धार्मिक और पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा प्रदेश
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के अनुरूप समाज के हर वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना देश की एकता, अखंडता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती है। उत्तराखंड भी अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
युवाओं, महिलाओं और पर्यटन क्षेत्र पर सरकार का विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के जरिए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।




