
महाराष्ट्र: शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाराष्ट्र में NEET UG के जरिए MBBS और BDS में दाखिले के पहले राउंड में 75.15 प्रतिशत सीटें भर गई हैं। महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट सेल की ओर से 6 सितंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य कोटे के तहत उपलब्ध कुल 10,646 MBBS और BDS सीटों में से 8,001 सीटों पर छात्रों को दाखिला मिल चुका है। हालांकि, MBBS और BDS के बीच सीट भरने की दर में बड़ा अंतर देखने को मिला है।
पहले राउंड में सीट आवंटित होने वाले 1,317 छात्रों ने अपनी सीट फ्रीज कर दी, जबकि 6,684 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। बेटरमेंट का विकल्प चुनने वाले छात्र काउंसलिंग के अगले राउंड में अपनी पसंद के कॉलेज या सीट हासिल करने की कोशिश कर सकेंगे। पहले राउंड के बाद कुल 2,645 सीटें खाली हैं।
MBBS की 84.58 प्रतिशत सीटों पर दाखिला
महाराष्ट्र में कुल 8,129 MBBS सीटें उपलब्ध हैं। पहले राउंड में इनमें से 6,876 सीटें भर गईं। यानी MBBS की 84.58 प्रतिशत सीटों पर दाखिला हो चुका है, जबकि 1,253 सीटें अभी खाली हैं।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की दर सबसे अधिक रही। यहां उपलब्ध 4,980 MBBS सीटों में से 4,665 सीटें भर गईं। इस तरह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 93.67 प्रतिशत सीटों पर दाखिला हुआ। इनमें 888 छात्रों ने सीट फ्रीज की, जबकि 3,677 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। इन कॉलेजों में अब 415 MBBS सीटें खाली हैं।
वहीं, निजी मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध 3,149 MBBS सीटों में से 2,311 सीटों पर दाखिला हुआ है। यहां सीट भरने की दर 73.38 प्रतिशत रही। इनमें 249 छात्रों ने सीट फ्रीज की, जबकि 2,062 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। निजी मेडिकल कॉलेजों में अब 838 MBBS सीटें खाली हैं।
BDS में 44.69 प्रतिशत सीटें ही भर पाईं
MBBS की तुलना में BDS सीटों के लिए छात्रों का रुझान कम रहा। राज्य में उपलब्ध कुल 2,517 BDS सीटों में से पहले राउंड में 1,125 सीटों पर दाखिला हुआ। यह कुल सीटों का 44.69 प्रतिशत है। वहीं, 1,392 BDS सीटें खाली रह गईं।
सरकारी डेंटल कॉलेजों में उपलब्ध 317 BDS सीटों में से 196 सीटें भर गईं। यहां दाखिले की दर 61.82 प्रतिशत रही। इनमें 19 छात्रों ने सीट फ्रीज की, जबकि 177 ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। सरकारी डेंटल कॉलेजों में 121 सीटें खाली हैं।
निजी डेंटल कॉलेजों में 42.22 प्रतिशत दाखिला
निजी डेंटल कॉलेजों में कुल 2,200 BDS सीटें उपलब्ध थीं। इनमें से 929 सीटें पहले राउंड में भर गईं। इस तरह यहां दाखिले की दर 42.22 प्रतिशत रही। इनमें 161 छात्रों ने सीट फ्रीज की, जबकि 768 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। निजी डेंटल कॉलेजों में अब 1,271 BDS सीटें खाली हैं।
दूसरे राउंड का कार्यक्रम भी जारी
महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट सेल ने MBBS और BDS में दाखिले के दूसरे राउंड का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। दूसरे राउंड के लिए उपलब्ध सीटों की संख्या 7 सितंबर को जारी की जाएगी। छात्र 8 से 10 सितंबर तक अपनी पसंद और प्राथमिकताएं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 12 सितंबर को सीट आवंटन का परिणाम जारी किया जाएगा।



