विश्व पर्यावरण दिवस पर पीएम मोदी का संदेश: भारत की जैविक विरासत पर जताया गर्व, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना

नई दिल्ली: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी समृद्ध जैविक विविधता और प्राकृतिक विरासत पर गर्व करता है तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि भारत के विविध पारिस्थितिक तंत्र लाखों लोगों की आजीविका और असंख्य जीव-जंतुओं का आधार हैं। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, हिम तेंदुआ, स्लॉथ बियर और चीता संरक्षण जैसी पहलें यह साबित करती हैं कि निरंतर प्रयासों और प्रतिबद्धता से प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को पुनर्जीवित किया जा सकता है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने देश में वन क्षेत्र बढ़ाने में अहम योगदान दिया है और हर वर्ष लगभग 1.19 लाख हेक्टेयर हरित क्षेत्र जोड़ने में मदद की है। उन्होंने नागरिकों से भी प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण की रक्षा और सतत विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में सरकार द्वारा उठाए गए अनेक कदम इस दिशा में देश की गंभीरता और संकल्प को दर्शाते हैं।
हरित आवरण बढ़ाने और वन्यजीव संरक्षण में मिली सफलता
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने हरित आवरण के विस्तार और वन्यजीवों की संख्या बढ़ाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि देशवासियों के सामूहिक प्रयास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रभावी नीतियां और नवाचार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक परिणाम लेकर आए हैं।
‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ के मंत्र पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ के सिद्धांत से प्रेरित होकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मिशन लाइफ की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
केंद्रीय मंत्री ने भी किया पर्यावरण संरक्षण का आह्वान
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने भी विश्व पर्यावरण दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग के प्रति सभी को अपनी प्रतिबद्धता दोहरानी चाहिए। उनके अनुसार आज लिए गए पर्यावरण-अनुकूल निर्णय आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



