छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना ने रचा नया रिकॉर्ड, सरकार बनने के बाद 11 लाख से ज्यादा घर पूरे; CM साय ने सौंपी चाबियां

रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ा मुकाम हासिल किया गया है। सरकार गठन के बाद प्रदेश में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे हो चुके हैं। रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर 11 हितग्राहियों को उनके नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी। इस दौरान उन्होंने ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉम्पेंडियम का भी विमोचन किया।

पहली कैबिनेट में लिया था 18 लाख आवासों का फैसला

राज्य सरकार ने गठन के तुरंत बाद अपनी पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राशि जारी करने का निर्णय लिया था। इसके बाद लगातार अभियान चलाकर पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया गया। इनमें पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान करीब 6 लाख आवास पूरे हुए, जिसे एक वर्ष में देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण करने की उपलब्धि बताया गया।

100 दिनों में पूरे हुए 1.51 लाख आवास

सरकार के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष के पहले 100 दिनों यानी 1 अप्रैल से 9 जुलाई तक ही 1 लाख 51 हजार प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं। इस अवधि में प्रतिदिन औसतन 1,500 से अधिक आवासों का निर्माण पूरा हुआ, जो राज्य में योजना के तेज क्रियान्वयन को दर्शाता है।

‘मोर गांव–मोर पानी’ अभियान की उपलब्धियां भी हुईं साझा

कार्यक्रम में ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। यह अभियान 24 अप्रैल 2025 को पंचायती राज दिवस के अवसर पर शुरू किया गया था। जनभागीदारी आधारित इस अभियान के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना और वर्तमान वीबी-जीरामजी के माध्यम से 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक लाख से अधिक जल संरक्षण और जल संवर्धन कार्य स्वीकृत एवं क्रियान्वित किए जा रहे हैं।

अभियान के अंतर्गत आजीविका डबरी, नवा तरिया, कंटूर ट्रेंच समेत विभिन्न जल संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इन कार्यों का उद्देश्य जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित करना है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button