
हरिद्वार में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ प्रतीक यादव का अस्थि विसर्जन, परिवार ने मां गंगा से की आत्मा की शांति की प्रार्थना
हरिद्वार: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के पुत्र तथा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की अस्थियों का शनिवार को हरिद्वार में पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। हरिद्वार के वीआईपी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच परिवारजनों ने मां गंगा में अस्थियां प्रवाहित कर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में आकस्मिक निधन हो गया था। शनिवार को उनकी पत्नी अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा और पद्मजा, अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट और भाई अमन सिंह बिष्ट अस्थि कलश लेकर जॉलीग्रांट पहुंचे। इसके बाद पूरा परिवार हरिद्वार पहुंचा, जहां धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
पूरे विधि-विधान से हुई पिंडदान प्रक्रिया
हरिद्वार के वीआईपी घाट पर तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने पूरे वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा और पिंडदान की प्रक्रिया संपन्न कराई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान परिवार के सदस्य भावुक नजर आए और उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की।
बाबा रामदेव ने जताई संवेदना
अस्थि विसर्जन कार्यक्रम के दौरान योगगुरु बाबा रामदेव भी मौजूद रहे। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और प्रतीक यादव की आत्मा की शांति की कामना की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थकों समेत बड़ी संख्या में लोग घाट पर मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब
हरिद्वार में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रतीक यादव को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूरे कार्यक्रम के दौरान घाट पर भावुक माहौल बना रहा और परिवार के साथ उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।



