अन्तर्राष्ट्रीय

क्वाड नेताओं ने शिंजो आबे की मौत पर जारी किया संयुक्त बयान

न्यूयार्क: अमेरिकी व्हाइट हाउस ने क्वाड सदस्य देशों का एक संयुक्त बयान जारी किया है। यह बयान जापान के भूतपूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के बाद आया है। क्वाड नेताओं ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की दुखद हत्या पर दुख व्यक्त किया है। 

क्वाड संयुक्त नेताओं ने बयान में कहा कि हम, ऑस्ट्रेलिया, भारत और अमेरिका के नेता, पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे की दुखद हत्या से स्तब्ध हैं। प्रधानमंत्री आबे जापान के लिए और हमारे प्रत्येक देश के साथ जापानी संबंधों के लिए एक परिवर्तनकारी नेता थे। व्हाइट हाउस के अनुसार, शिंजो आबे ने क्वाड साझेदारी की स्थापना में एक रचनात्मक भूमिका निभाई और एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक के लिए एक साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए अथक प्रयास किया।

क्वाड अमेरिका , जापान , भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसे साझे लोकतांत्रिक मूल्यों वाले देशों का एक समूह है जिसका मकसद आपसी व्यापार वाणिज्य को बढ़ावा देने के साथ हिन्द महासागर और प्रशांत महासागर क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूती देना है। गौरतलब है कि जापान के प्रधानमन्त्री शिंजों आबे ने ही आर्क ऑफ प्रोस्पेरिटी एंड फ्रीडम की धारणा और दो महासागरों के संगम ( कांफ्लूएंस ऑफ़ टू सीज ) की धारणा के जरिए हिंद महासागर और प्रशांत महासागर के संगम को साझे हित के रूप में प्रस्तुत किया था जिसने क्वाड को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

दिसंबर 2006 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी जापान के आर्क ऑफ प्रोस्पेरिटी एंड फ्रीडम की धारणा का समर्थन और स्वागत किया था। 2007 में मालाबार संयुक्त सैन्यभ्यास के आयोजन के साथ क्वॉड की धारणा को एक नया आधार मिला। जब ये विशाखापट्टनम में आयोजित हुआ तो जापान , ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर को भी इससे जोड़ा गया था। लेकिन पूर्ण सदस्य के रूप में सिंगापुर जगह नहीं ले पाया था।

Related Articles

Back to top button