मनोरंजन

जनता की मांग पर कल से शुरू होगा रामायण धारावाहिक

नयी दिल्ली। सरकार कोरोनो के कारण लॉकडाउन को देखते हुए लोगों के लिए ‘ रामायण’ धारावाहिक का कल से फिर प्रसारण करने जा रही है।
सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर यह जानकारी दी।

श्री जावडेकर ने कहा कि जनता की मांग पर कल शनिवार 28 मार्च से दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर रामायण का फिर से प्रसारण होगा। पहला एपिसोड सुबह 9 बजे से शुरू होगा और दूसरा एपिसोड रात 9 बजे शुरू होगा।

गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की है और लोग घर से ही काम कर रहे हैं।
दरअसल, कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ को दूरदर्शन पर फिर से प्रसारित किए जाने की मांग लोग कर रहे थे और प्रसार भारती एवं सूचना प्रसारण मंत्री को टैग कर रहे थे।

इसके बाद प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने कहा है कि जिन लोगों के पास ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ के राइट्स हैं, उनके साथ बातचीत चल रही है। इस बारे में शीघ्र ही सूचना दी जाएगी। इसी बीच उन्होंने यह भी बताया है कि आज शाम यानी 26 मार्च को शाम तक वह दोनों सीरियलों के टेलीकास्ट टाइम और शेड्यूल के बारे में पूरी जानकारी दे देंगे। इसके बाद शुक्रवार सुबह केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने खुद रामायण के प्रसारण की जानकारी सोशल मीडिया पर दी।

Related Articles

Back to top button