उत्तराखंड

केदारनाथ में VIP दर्शन के नियम बदले, अब 1100 रुपये देकर बनेगी विशेष पर्ची, मंदिर समिति ने जारी की नई SOP

रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर श्री बदरी-केदार मंदिर समिति ने नई संशोधित मानक प्रचालन विधि (एसओपी) जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब वीआईपी दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए 1100 रुपये की विशेष पर्ची मंदिर समिति की ओर से जारी की जाएगी।

मंदिर समिति ने यह फैसला केदारनाथ धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और स्थानीय स्तर पर मिले सुझावों के आधार पर लिया है। समिति का कहना है कि इस नई व्यवस्था से सामान्य श्रद्धालुओं के दर्शन पर कम प्रभाव पड़ेगा और गणमान्य व्यक्तियों के दर्शन भी समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से कराए जा सकेंगे।

राज्य सरकार के प्रोटोकॉल पर ही जारी होगी विशेष पर्ची

मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन रांगड़ द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिला प्रशासन या मंदिर समिति को राज्य सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूचना के आधार पर ही वीआईपी दर्शन की विशेष पर्ची जारी की जाएगी।

इसके लिए प्रति व्यक्ति 1100 रुपये की सहयोग राशि जमा करनी होगी। शुल्क जमा करने के बाद श्रद्धालुओं को आधिकारिक रसीद भी दी जाएगी।

राज्य अतिथियों को शुल्क से मिली छूट

नई एसओपी में राज्य अतिथियों और उनके परिवारों को इस शुल्क से छूट दी गई है। वहीं, मंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

VIP दर्शन को लेकर बढ़ रहा था विवाद

केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार विवाद की स्थिति बन रही थी। विशेष तौर पर वीआईपी गेट पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने से धक्का-मुक्की जैसे हालात पैदा हो रहे थे।

इसी स्थिति को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंदिर समिति ने नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।

Related Articles

Back to top button